जयपुर , जून 03 -- राजस्थान की राजधानी जयपुर में फोर्टिस एस्कॉर्ट्स अस्पताल के चिकित्सकों ने एक महिला के दाहिने फेफड़े से एडवांस सर्जिकल प्रक्रिया के माध्यम से एक बड़े एडेनॉइड सिस्टिक कार्सिनोमा (दुर्लभ कैंसरयुक्त ट्रेकियल ट्यूमर) को हटाया हैं।
अस्पताल के कंसल्टेंट-पल्मोनोलॉजी एवं क्रिटिकल केयर के डॉ विनोद कुमार शर्मा ने बताया कि उनके नेतृत्व में चिकित्सकों की टीम ने इस जटिल प्रक्रिया को सफलतापूर्वक अंजाम दिया और मरीज को जानलेवा श्वसन विफलता से बचाया। एडेनॉइड सिस्टिक कार्सिनोमा एक अत्यंत दुर्लभ ट्यूमर है, जिसके विश्वभर में प्रति दस लाख लोगों में केवल एक से दो मामले ही सामने आते हैं।
मरीज के श्वासनली (विंडपाइप) के आगे-दाहिने हिस्से में लगभग 1.5 इंच का बड़ा ट्यूमर जो दाहिने फेफड़े की मुख्य वायुमार्ग में फैल रहा था और उस स्थान को दबा रहा था जहां श्वासनली दो भागों में विभाजित होती है। इस ट्यूमर ने लगभग पूरी वायुमार्ग को अवरुद्ध कर दिया था, जिससे गंभीर सेंट्रल एयरवे ऑब्स्ट्रक्शन हो गया था और मरीज को घुटन तथा जानलेवा श्वसन विफलता का तत्काल खतरा था।
लगभग तीन घंटे चली इस सर्जरी को उन्नत रिजीड ब्रोंकोस्कोपी तकनीक के माध्यम से सफलतापूर्वक पूरा किया गया। प्रक्रिया के बाद मरीज ने अत्यंत सकारात्मक प्रतिक्रिया दी और उसकी सांस लेने में तकलीफ तथा सांस की आवाज पूरी तरह समाप्त हो गयी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित