जयपुर , जून 04 -- राजस्थान में सहकारिता राज्य मंत्री गौतम कुमार दक ने कहा कि सहकारी परिवहन पहल को नयी गति देते हुए भारत टैक्सी का गुरुवार से राजधानी जयपुर में ट्रायल शुरू कर दिया गया है।

इस अवसर पर श्री दक ने कहा कि जयपुर के नागरिक अब भारत टैक्सी की मोटरसाइकिल टैक्सी, ऑटो रिक्शा एवं कैब सेवाओं का लाभ आसानी से उठा सकेंगे। उन्होंने कहा कि भारत टैक्सी का यह विस्तार स्मार्ट, समावेशी एवं टिकाऊ शहरी परिवहन व्यवस्था विकसित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

उन्होंने कहा कि जयपुर के हजारों चालक पहले ही इस प्लेटफॉर्म से जुड़ चुके हैं, जो सहकारी मॉडल के प्रति बढ़ते विश्वास को दर्शाता है। इस पहल से जहां सारथियों के कल्याण को प्राथमिकता मिलेगी वहीं यात्रियों को विश्वसनीय और किफायती परिवहन सुविधा उपलब्ध होगी।

उन्होंने कहा कि नए ग्राहक ऐप के माध्यम से यात्रियों को सुलभ किराया, पीक आवर्स में भी शून्य सर्ज प्राइसिंग, पारदर्शी एवं निश्चित दरें, एसओएस आपातकालीन सुविधा, स्थानीय एवं विश्वसनीय चालक तथा बेहतर ग्राहक सहायता जैसी सुविधाएं उपलब्ध होंगी। इससे दैनिक आवागमन, लास्ट-माइल कनेक्टिविटी एवं शहरभर में यात्रा करना अधिक सुविधाजनक और सुरक्षित होगा। उन्होंने कहा कि सहकारी सिद्धांतों पर आधारित यह पहल विश्व की सबसे बड़ी सहकारी मोबिलिटी पहल के रूप में उभर रही है।

श्री दक ने कहा कि जयपुर अब दिल्ली-एनसीआर, गुजरात, चंडीगढ़ और लखनऊ जैसे प्रमुख शहरों के साथ इस बढ़ते सहकारी परिवहन नेटवर्क का हिस्सा बन गया है। जयपुर में अब तक लगभग 13 हजार सारथी भारत टैक्सी से जुड़ चुके हैं। उन्होंने कहा कि 'सहकार से समृद्धि' की भावना से प्रेरित यह पहल देश में जन-केंद्रित एवं समावेशी परिवहन व्यवस्था विकसित करने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित