जयपुर , मार्च 04 -- राजस्थान की राजधानी जयपुर में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नेताओं और कार्यकर्ताों ने बुधवार को हर्षोल्लास के साथ होली मनायी।
भाजपा कार्यालय में पार्टी के पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और विधायकों ने जमकर रंगों का पर्व होली खेली। इस दौरान सभी ने एक दूसरे को होली की शुभकामनाएं देते हुए रंग गुलाल लगाया। इस दौरान कार्यकर्ताओं के साथ रंगों का त्योहार मनाने के लिए सांसद मंजू शर्मा, विधायक बालमुकुन्द आचार्य, भाजपा प्रदेश कार्यालय मंत्री मुकेश पारीक, भाजपा प्रदेश मीडिया प्रभारी प्रमोद वशिष्ठ, सह कार्यालय प्रभारी भवानी शंकर शर्मा ,भाजपा बुद्धिजीवी प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक राजेंद्र सिंह शेखावत तथा अन्य पदाधिकारी मौजूद थे। इस दौरान सुश्री शर्मा ने कहा कि होली रंगों और आपसी प्रेम का त्योहार है, जिसे पूरे उत्साह और भाईचारे के साथ मनाया जाना चाहिए। मन के सभी भेदभाव मिटाकर एक-दूसरे को गले लगाकर सामाजिक सौहार्द को मजबूत करना चाहिए।
उन्होंने कहा कि होली के बाद किसानों की फसल कटाई का समय भी शुरू हो जाता है। ऐसे में ईश्वर से प्रार्थना हैं कि प्रदेश के किसानों की फसल अच्छी हो और उन्हें उनकी मेहनत का पूरा फल मिले।
भाजपा प्रदेश मीडिया प्रभारी प्रमोद वशिष्ठ ने बताया कि भाजपा मुख्यालय पर आयोजित कार्यक्रम में पार्टी कार्यकर्ताओं ने पारंपरिक गीतों पर नृत्य किया और एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर शुभकामनाएं दीं। इस दौरान पूरे वातावरण में उत्साह और उमंग का माहौल बना रहा और भाजपा कार्यकर्ताओं ने प्रदेशवासियों को संदेश दिया कि होली का त्योहार प्रेम, एकता और सद्भाव के साथ मनाएं और समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करें। इस दौरान कार्यालय परिसर रंग-बिरंगे गुलाल से सराबोर नजर आया और ढोल-नगाड़ों की थाप पर कार्यकर्ता झूमते दिखे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित