जयपुर , अक्टूबर 23 -- राजस्थान की राजधानी जयपुर भ्रमण पर आई एक फ्रांसीसी महिला नागरिक रिहेमे धाऊई के महत्वपूर्ण दस्तावेज, ड्राइविंग लाइसेंस, नेशनल आईडी और कई बैंको के क्रेडिट कार्ड्स सड़क पर पड़े मिले हैं और अब इस महिला से संपर्क साधने के प्रयास किये जा रहे हैं।

राजस्थान पुलिस के अनुसार इस फ्रांसीसी नागरिक के यह दस्तोज जयपुर के सिंधी कैंप बस स्टैंड से जालूपुरा के बीच सड़क पर गिर गए थे और इसके बाद ये सभी महत्वपूर्ण दस्तावेज सुरक्षित रूप से पर्यटक सुरक्षा बल (टीएएफ) के पास पहुंच गए।

इसके बाद बिना किसी विलंब के तुरंत इसकी छानबीन शुरू कर दी गई। मामले की गंभीरता के मद्देनजर सिंधी कैंप और विधायकपुरी थाने में इसकी जानकारी जुटाई गई, हालांकि इस संबंध में पुलिस थाने में कोई गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज नहीं कराई गई थी। इसके बावजूद पुलिस ने मानवता का परिचय देते हुए संबंधित फ्रांसीसी नागरिक तक संपर्क साधने के लिए दूतावास के माध्यम से भी वार्ता और प्रयास शुरू कर दिए हैं।

टीएएफ के पास फ्रांसीसी नागरिक के ये सभी कार्ड्स, ड्राइविंग लाइसेंस और नेशनल आईडी पूरी तरह सुरक्षित रखे हुए हैं। पुलिस प्रशासन ने अपील की है कि अगर यह खबर संबंधित फ्रांसीसी नागरिक या उनके किसी परिचित तक पहुंचे, तो वे तुरंत टीएएफ या संबंधित थाने से संपर्क कर अपने मूल दस्तावेज प्राप्त कर सकते हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित