जयपुर , अगस्त 19 -- नर्सिंग शिक्षा को आधुनिक तकनीक, वैश्विक अनुभव और भविष्य की स्वास्थ्य देखभाल जरूरतों से जोड़ने के उद्देश्य से आगामी पांच एवं छह सितम्बर को राजस्थान की राजधानी जयपुर में दो दिवसीय "ग्लोबल नर्सिंग समिट-2026" का आयोजन किया जायेगा।

समिट के चेयरपर्सन डाॅ राहुल शर्मा एवं सचिव पुरुषोत्तम कुंभज ने बुधवार को यहां प्रेस कांफ्रेंस में यह जानकारी दी।

श्री कुंभज ने बताया कि आरएच हेल्थकेयर द्वारा एनटीएआई-राजस्थान के संयुक्त तत्वावधान में जयपुर के राजस्थान इंटरनेशल सेंटर (आरआईसी) में आयोजित इस समिट में दस से अधिक देशों के करीब पांच हजार प्रतिनिधि जुड़ेंगे। जिसमें करीब 1500 प्रतिनिधि सम्मेलन में भाग लेने पहुंचने की उम्मीद हैं जबकि साढ़े तीन हजार से अधिक प्रतिनिधियों के ऑन लाइन जुड़ेंगे। भारत के सभी राज्यों के अलावा ब्रिटेन, नेपाल, बंगलादेश, कतर आदि देशों के प्रतिनिधि इसमें भाग लेंगे। उन्होंने बताया कि यह केवल कांफ्रेंस नहीं, बल्कि भविष्य की नर्सिंग और हेल्थकेयर तकनीकों का अनुभव कराने वाला ग्लोबल प्लेटफार्म होगा।

डॉ शर्मा ने बताया कि कृत्रिम बुद्धिमता (एआई) और रोबोटिक्स नर्स का विकल्प नहीं, बल्कि उनकी क्लिनिकल स्किल, निर्णय क्षमता और मरीजों की देखभाल को मजबूत करने वाली तकनीकें हैं।

समिट में ह्यूमनॉइड रोबोट, रोबोट डॉग, वर्चुअल रियलिटी (वीआर), होलोग्राफिक डिस्प्ले, एआई और एडवांस्ड क्लीनिक सिमुलेशन का लाइव प्रदर्शन किया जाएगा। वीआर और सिमुलेशन के माध्यम से आपातकालीन परिस्थितियों एवं नर्सिंग स्किल्स का आधुनिक प्रशिक्षण का प्रदर्शन होगा। 26/11 मुंबई आतंकवादी हमले के दौरान साहस का परिचय देने वाली नर्स अंजली कुलथे और पद्मश्री से सम्मानित शांति टेरेसा लाकरा भी कार्यक्रम में मौजूद रहेंगी। प्रतिभागियों को उनके अनुभव सुनने का अवसर मिलेगा। समिट के पहले दिन पांच सितंबर को पेपर एवं प्रजेंटेशन, ग्रुप डिस्कशन और पैनल डिस्कशन जैसी अकादमिक गतिविधियां होंगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित