जयपुर , मार्च 12 -- राजस्थान की राजधानी जयपुर में 'दांडी मार्च' दिवस पर गुरुवार को 'मौन शांति मार्च' निकाला गया जिसमें पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा एवं नेता प्रतिपक्ष टीकराम जूली सहित विभिन्न क्षेत्रों के विशिष्ट लोग सम्मिलित हुए।
भारत सेवा संस्थान एवं अन्य गांधीवादी संस्थाओं द्वारा आयोजित यह मौन शांति मार्च एमआई रोड़ स्थित शहीद स्मारक से शुरू होकर सेन्ट्रल पार्क स्थित गांधी वाटिका तक निकाला गया और प्रार्थना सभा की गई।
इस अवसर पर श्री गहलोत ने कहा कि दांडी मार्च केवल नमक कानून के विरुद्ध आंदोलन नहीं था, बल्कि अन्याय और दमनकारी नीतियों के खिलाफ दुनिया का सबसे बड़ा अहिंसक प्रतिरोध था।
उन्होंने कहा कि जब लोकतंत्र के समक्ष नई-नई चुनौतियां खड़ी हो रही हैं, ऐसे समय में बापू के सत्य, अहिंसा और जनशक्ति के गांधीवादी मूल्यों को फिर से आत्मसात करना ही लोकतांत्रिक आदर्शों को सशक्त करने का सबसे प्रभावी मार्ग है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित