जयपुर , अक्टूबर 14 -- राजस्थान में पंचायती राज आम चुनाव-2026 के तहत प्रथम चरण में जिला परिषद एवं पंचायत समिति सदस्य पदों के लिए प्राप्त नामांकन पत्रों की जाचं के बाद जयपुर जिले में जिला परिषद के 170 एवं पंचायत समितियों के 454 प्रत्याशियों के नामांकन सही पाये गये हैं।
जिला चुनाव अधिकारी (पंचायत) संदेश नायक ने बताया कि जिला परिषद सदस्य पद के लिए 57 वार्डों में गत आठ से 13 अक्टूबर तक 223 उम्मीदवारों द्वारा 234 नामांकन पत्र दाखिल किए गए। नामांकन संवीक्षा के बाद 62 नामांकन पत्र अस्वीकृत तथा दो नामांकन पत्र डिस्कार्ड किए गए। इसके बाद 170 वैध नामांकन पत्र दर्ज किए गए।
प्रथम चरण में शामिल आठ पंचायत समितियों के 146 वार्डों में कुल 603 नामांकन पत्र दाखिल किए गए। पंचायत समिति-वार विवरण के अनुसार चौमूं में 104, दूदू में 59, गोविंदगढ़ में 94, झोटवाड़ा में 59, जोबनेर में 86, किशनगढ़-रेनवाल में 75, मौजमाबाद में 62 तथा सांभर में 64 नामांकन पत्र प्राप्त हुए।
संवीक्षा के बाद इन पंचायत समितियों में 145 नामांकन पत्र अस्वीकृत तथा चार नामांकन पत्र डिस्कार्ड किए गए। इसके बाद 454 प्रत्याशियों के नामांकन वैध पाये गये। पंचायत समिति-वार वैध अभ्यर्थियों की संख्या चौमूं में 75, दूदू में 52, गोविंदगढ़ में 61, झोटवाड़ा में 52, जोबनेर में 62, किशनगढ़-रेनवाल में 53, मौजमाबाद में 50 तथा सांभर में 49 है।
जिला चुनाव अधिकारी ने बताया कि नामांकन प्रक्रिया के आगामी चरणों में नाम वापसी 15 अक्टूबर को अपराह्न तीन बजे तक होगी। नाम वापसी का समय समाप्त होने के तुरंत पश्चात चुनाव प्रतीकों का आवंटन एवं चुनाव लड़ने वाले अभ्यर्थियों की सूची का प्रकाशन किया जाएगा। जिला परिषद् एवं पंचायत समिति सदस्यों के लिए प्रथम चरण का मतदान के लिए मतदान दलों का प्रस्थान 21 अक्टूबर को होगा एवं मतदान 22 अक्टूबर को प्रातः सात बजे से सायं छह बजे तक होगा तथा मतगणना 20 नवंबर को जिला मुख्यालय पर होगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित