जयपुर , जुलाई 16 -- राजस्थान की राजधानी जयपुर में गुरुवार को 'सफ़ाई अपनाओ, बीमारी भगाओ' अभियान के तहत व्यापक स्वच्छता जनजागरूकता अभियान चलाया गया।
अभियान के तहत नगर निगम जयपुर के सिविल लाइन जोन, वार्ड संख्या (स्वामी बस्ती क्षेत्र) दौरान स्थानीय नागरिकों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करते हुए सार्वजनिक स्थानों एवं सड़कों पर कचरा न फैलाने तथा अपने आसपास का वातावरण स्वच्छ बनाये रखने की अपील की गयी।
साथ ही प्रत्येक परिवार को गीले एवं सूखे कचरे के लिए अलग-अलग दो डस्टबिन रखने तथा कचरे का स्रोत पर ही पृथक्करण करने के लिए प्रेरित किया गया। नागरिकों को समझाइश दी गयी कि पृथक किया गया कचरा केवल डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण वाहन में ही डालें, जिससे स्वच्छ एवं स्वस्थ शहर के निर्माण में सभी की सहभागिता सुनिश्चित हो सके।
इसी तरह अभियान के तहत निगम के मालवीय नगर जोन के वार्ड संख्या 86 स्थित ए ब्लॉक में चार प्रकार के कचरा पृथक्करण एवं स्वच्छता जागरूकता गतिविधि का आयोजन किया गया। इस अवसर पर निगम टीम द्वारा कॉलोनी के रहवासियों को घरों में उत्पन्न होने वाले गीले, सूखे, घरेलू हानिकारक एवं सैनिटरी एवं संक्रमित कचरे को अलग-अलग एकत्रित करने के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। साथ ही प्रत्येक घर में चार अलग-अलग डस्टबिन रखने तथा कचरे का पृथक्करण स्रोत स्तर पर ही सुनिश्चित करने के लिए प्रेरित किया गया।
रहवासियों को खुले में कचरा नहीं फेंकने तथा केवल नगर निगम के डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण वाहन में ही पृथक-पृथक कचरा देने की समझाइश दी गयी। इसके अतिरिक्त सिंगल यूज़ प्लास्टिक का उपयोग न करने एवं उसके स्थान पर पर्यावरण अनुकूल विकल्प अपनाने की अपील की गयी। निगम टीम ने नागरिकों से स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण के निर्माण में सक्रिय सहभागिता निभाने तथा नियमित रूप से कचरे का पृथक्करण कर नगर निगम के स्वच्छता अभियान को सफल बनाने का आह्वान किया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित