जयपुर , जनवरी 14 -- राजस्थान की राजधानी जयपुर में गुरुवार को 78वींसेना दिवस परेड का भव्य आयोजन होगा जहां अनुशासन, सटीकता और सैन्य वैभव के अद्भुत संगम के साथ सैन्य उत्कृष्टता, गौरवशाली परंपराओं और राष्ट्रीय गौरव का भव्य एवं भावनात्मक प्रदर्शन देखने को मिलेगा।
जयपुर के जगतपुरा में महल रोड ने इस सेना दिवस परेड से पहले इसके तहत आयोजित कार्यक्रमों से भव्य सैन्य परेड स्थल का रूप धारण कर लिया जहां सुबह सेना दिवस परेड होगी जिसमें अत्याधुनिक उपकरणों के प्रदर्शन के साथ सेना का शौर्य एवं क्षमता दिखाई जाएगी। राजस्थान की समृद्ध सांस्कृतिक पृष्ठभूमि के बीच आयोजित इस परेड में भारतीय सेना के शौर्य, बलिदान और निरंतर विकसित होती क्षमताओं का प्रभावशाली प्रदर्शन किया जायेगा। पहली बार जयपुर में आयोजित सेना दिवस परेड की ऐतिहासिक मेजबानी के लिए गुलाबी शहर पूरी तरह तैयार नजर आ रहा है।
सप्त शक्ति कमांड, राजस्थान सरकार और सिविल प्रशासन के बीच उत्कृष्ट समन्वय एवं संयुक्त प्रयासों से महल रोड को एक विश्वस्तरीय परेड स्थल के रूप में विकसित किया गया है जहां सेना दिवस परेड को देखने बड़ी संख्या में नागरिक, पूर्व सैनिक, छात्र और परिवारजन पहुंचेंगे। सेना दिवस परेड को लेकर लोगों में भारी उत्साह हैं।
सेना दिवस परेड के बाद सवाई मान सिंह स्टेडियम में शौर्य संध्या कार्यक्रम का आयोजन भी किया जायेगा। सेना दिवस परेड के इस भव्य आयोजन की तैयारी के लिए जयपुर में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित कर सेना के शौर्य, वीरता, पराक्रम एवं वीरता से भरे इतिहास के बारे में जानकारियां दी गई। इस दौरान अलग अलग दिन परेड की तीन बार फुल ड्रैस रिहर्सल का आयोजन किया गया वहीं गत आठ से 13 जनवरी तक छह दिवसीय भव्य सैन्य प्रदर्शनी का आयोजन किया जिसमें सेना के अत्याधुनिक उपकरणों, युद्धों सहित सेना की वीरता के बारे में लोगों ने बड़ी उत्सकता से जानकारी प्राप्त की।
इस दौरान स्वदेशी रूप से विकसित आधुनिक सैन्य उपकरणों का प्रदर्शन भी किया जो आत्मनिर्भरता की दिशा में सेना की प्रतिबद्धता को दर्शाता है। उन्नत हथियार प्रणालियां और नए प्लेटफॉर्म, जिनका सफलतापूर्वक ऑपरेशन सिन्दूर में उपयोग किया गया, सिद्ध और विश्वसनीय पारंपरिक उपकरणों के साथ प्रदर्शित किए गए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित