जयपुर , मार्च 10 -- राजस्थान की राजधानी जयपुर में 'दांडी मार्च' दिवस पर 12 मार्च को 'मौन शांति मार्च' निकाला जाएगा जिसमें पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत सहित विभिन्न क्षेत्रों के विशिष्ट लोग सम्मिलित होंगे।

राज्य के पूर्व महाधिवक्ता जी एस बापना ने बताया कि युद्ध के उन्माद के स्थान पर विश्व में शांति और अहिंसा की महत्ता पर जोर देने के लिए भारत सेवा संस्थान एवं अन्य गांधीवादी संस्थाओं द्वारा आयोजित यह मौन शांति मार्च गुरुवार को सुबह आठ बजे एमआई रोड़ स्थित शहीद स्मारक से शुरू होकर सेन्ट्रल पार्क स्थित गांधी वाटिका पर समाप्त होगा। श्री बापना ने कहा कि आज विश्व में हर तरफ कटुता, टकराव और युद्ध का वातावरण बना हुआ है। ऐसे में संस्थान और शहर की अन्य गांधीवादी संस्थाओं तथा शांति प्रिय लोगों ने मिलकर गांधीजी के दांडी मार्च के दिन यह शांति मार्च निकालने का फैसला किया।

उन्होंने कहा कि 12 मार्च 1930 को गुजरात में साबरमती से दांडी ग्राम के लिए शुरू हुए महात्मा गांधी के इस सविनय अवज्ञा आंदोलन ने ही भारत में अंग्रेजी साम्राज्य की नींव हिलाकर उन्हें भारत को आजाद करने पर मजबूर किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित