जयपुर , अगस्त 08 -- राजस्थान में संचालित "शुद्ध आहार-मिलावट पर वार" अभियान के तहत खाद्य सुरक्षा एवं औषधि नियंत्रण विभाग द्वारा मिलावटी एवं असुरक्षित खाद्य पदार्थों के विरुद्ध सघन कार्रवाई में जयपुर में लगभग 1600 किलोग्राम बिना पैकेजिंग एवं मियाद निकल चुकी सोहनपापड़ी मौके पर ही नष्ट कराई गई।

खाद्य सुरक्षा एवं औषधि नियंत्रण आयुक्त डॉ. टी. शुभमंगला के निर्देशन तथा अतिरिक्त आयुक्त भगवत सिंह एवं संयुक्त आयुक्त डॉ. विजय प्रकाश शर्मा के सुपरविजन में जयपुर मुख्यालय की सेंट्रल टीम के खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने मेसर्स आनंद धाबास, जयपुर स्थित सोहनपापड़ी निर्माण इकाई पर कार्रवाई की।

डॉ शुभमंगला ने बताया कि कार्रवाई के दौरान प्रतिष्ठान में स्वच्छता एवं खाद्य सुरक्षा मानकों में विभिन्न कमियां पाई गईं। टीम द्वारा सोहनपापड़ी एवं बादाम कटिंग के एक-एक नमूने जांच के लिए गए। निरीक्षण के दौरान बड़ी मात्रा में तैयार सोहनपापड़ी पर पैकेजिंग तिथि एवं उपभोग की अंतिम तिथि अंकित नहीं पाई गई। खाद्य पदार्थों की अनिवार्य लेबलिंग संबंधी प्रावधानों के उल्लंघन को गंभीरता से लेते हुए मौके पर उपलब्ध लगभग 1600 किलोग्राम सोहनपापड़ी को नष्ट कराया गया।

निरीक्षण के दौरान पाई गई अन्य कमियों के संबंध में संबंधित प्रतिष्ठान को पृथक रूप से इम्प्रूवमेंट नोटिस भी जारी किया जा रहा है। जांच के लिए इसके नमूने लिए गए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित