जयपुर , अगस्त 14 -- राजस्थान की राजधानी जयपुर में प्रदेश कांग्रेस ने उत्तराखंड के हल्द्वानी में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के भाषण के बाद मंच का कथित शुद्धिकरण करने के मामले को लेकर शुक्रवार को विरोध मार्च एवं सत्याग्रह किया।

इस अवसर पर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने आरोप लगाते हुए कहा कि उस मंच का "शुद्धिकरण" करना, जिस पर कांग्रेस अध्यक्ष श्री खड़गे ने भाषण दिया था, सिर्फ एक घटिया हरकत नहीं, बल्कि भाजपा की दलित विरोधी और जातिवादी मानसिकता का बेहद शर्मनाक प्रदर्शन है।

उन्होंने कहा कि देश के वरिष्ठ एवं दलित नेता इस तरह अपमान करके भाजपा ने अपनी सोच और संस्कारों का परिचय दिया है। लोकतंत्र में विचारों का मुकाबला विचारों से होता है, लेकिन भाजपा नफरत और भेदभाव की राजनीति को बढ़ावा दे रही है। भाजपा की इस ओछी और शर्मनाक हरकत के खिलाफ आज राजस्थान कांग्रेस के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने जोरदार हल्ला बोला और साफ संदेश दिया.. दलितों का अपमान बर्दाश्त नहीं होगा।

श्री डोटासरा ने कहा कि इस तरह की घटना के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन को माफी मांगनी चाहिए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित