जयपुर , अक्टूबर 17 -- राजस्थान की राजधानी जयपुर में 'शुद्ध आहार-मिलावट पर वार' अभियान के तहत कार्रवाई करते हुए करीब 2700 किलोग्राम बेकरी शॉर्टनिंग को सीज किया है।
आधिकारिक सूत्रों के अनुसार केंद्रीय खाद्य सुरक्षा दल ने जयपुर के झोटवाड़ा स्थित एम/एस एसके एंटरप्राइजेज के मैन्युफैक्चरिंग प्लांट पर यह कार्रवाई की गयी।
निरीक्षण के दौरान 'बेकरी शॉर्टनिंग' के नाम पर चंचल, नेहा गोल्ड और जय श्री गोल्ड सहित विभिन्न ब्रांडों के तहत उत्पाद का निर्माण एवं बिक्री किये जाने का मामला सामने आया। विभाग ने उत्पाद की प्रकृति, लेबलिंग और खाद्य सुरक्षा मानकों के अनुपालन को लेकर जांच शुरू की है।
खाद्य सुरक्षा दल ने नमूने लेने की कार्रवाई के साथ बाजार में बिक्री के लिए तैयार 2,699.2 किलोग्राम बेकरी शॉर्टनिंग को सीज किया। विभाग की सतर्कता से त्योहारी सीजन में इस उत्पाद की बिक्री पर जांच पूरी होने तक रोक लगायी गयी है। उत्पाद की गुणवत्ता और नियमानुसार लेबलिंग से जुड़े तथ्यों की जांच की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित