जयपुर , जुलाई 09 -- राजस्थान की राजधानी जयपुर शहर के श्याम नगर थाना क्षेत्र स्थित दो सौ फीट बाईपास पर कमला नेहरू नगर में हुई भीषण सड़क दुर्घटना में एक परिवार के पांच लोगों को कुचल दिये जाने की विस्तृत जांच के लिए गठित सात सदस्यीय जांच समिति ने गुरुवार को दुर्घटनास्थल का निरीक्षण किया।

समिति ने जिला कलक्टर संदेश नायक के नेतृत्व में दुर्घटनास्थल का निरीक्षण कर दुर्घटना के कारणों की विस्तृत जांच की। समिति ने दुर्घटना के बाद विभिन्न विभागों द्वारा की गयी कार्रवाई का परीक्षण करने के साथ भविष्य में इस प्रकार की दुर्घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए आवश्यक सुझाव दिये हैं।

निरीक्षण में श्री नायक ने वाहन की गति सीमा (40/60 किलोमीटर) एवं नो पार्किंग के संकेतक लगवाने, सड़क के बीच रैलिंग लगवाने, टूटी हुई रैलिंग को सही करवाने, हीरापुरा रोडवेज बस स्टैण्ड से अजमेर रोड पुलिया तक यात्री परिवहन के लिए जेसीटीएसएल बसों का नियमित रूप से संचालन , लेन व्यवस्था में सुधार, पैदल यात्रियों के लिए फुटपाथ की व्यवस्था , प्राइवेट पार्किंग की जांच कर नियमानुसार हटवाने, चौराहों पर लगे अनावश्यक डिवाइडरों को हटवाने की सिफारिश की है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित