जयपुर , जून 21 -- रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव एवं मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने रविवार को जयपुर में जयपुर-दरभंगा अमृत भारत एक्सप्रेस रेल सेवा का शुभारंभ किया।
श्री वैष्णव एवं श्री शर्मा ने खातीपुरा रेलवे स्टेशन से ट्रेन को हरी झण्डी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान मेगा कोचिंग टर्मिनल खातीपुरा एवं रेलवे स्टेशनों पर उन्नत यात्री सुविधाओं का शुभारंभ भी किया।
उन्होंने शुभारंभ समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देशभर में रेलवे सुविधाओं का अभूतपूर्व विस्तार हो रहा है। उन्होंने सीकर के सुंदरपुरा में रेलवे स्टेशन विकसित करने की घोषणा करते हुए कहा कि इससे खाटूश्यामजी के लाखों श्रद्धालुओं का सफर आसान होगा। उन्होंने कहा कि जयपुर में विकसित मेगा कोचिंग टर्मिनल रेलवे अवसंरचना को नई मजबूती प्रदान करेगा, यहां लगभग 450 रेलगाड़ियों का रखरखाव किया जा सकेगा। इससे परिचालन दक्षता बढ़ेगी और यात्रियों को बेहतर सेवाएं उपलब्ध होंगी।
इस मौके श्री शर्मा ने कहा कि श्री मोदी के नेतृत्व में भारतीय रेल अभूतपूर्व परिवर्तन के दौर से गुजर रही है। आधुनिक, सुरक्षित और विश्वस्तरीय सुविधाओं से युक्त रेलवे नेटवर्क देश की प्रगति का मजबूत आधार बन रहा है। उन्होंने कहा कि रेलवे के विस्तार और आधुनिकीकरण से राजस्थान में व्यापार, पर्यटन, शिक्षा एवं रोजगार के अवसरों को नई गति मिल रही है तथा प्रदेश और देश के अन्य हिस्सों के बीच सामाजिक, सांस्कृतिक और आर्थिक संबंध और अधिक मजबूत हो रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि नयी रेल सेवाएं प्रदेशवासियों के सफर को अधिक सुगम, सुरक्षित और सुविधाजनक बनाएंगी। उन्होंने कहा कि नयी ट्रेन सेवाओं का शुभारंभ विकसित भारत और विकसित राजस्थान के संकल्प को गति देने वाला महत्वपूर्ण कदम है, जो क्षेत्रीय विकास, व्यापार, पर्यटन और रोजगार को नयी दिशा प्रदान करेगा।
उन्होंने कहा कि श्री मोदी के विकसित भारत-2047 के संकल्प में रेलवे की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। पिछले एक दशक में रेलवे के बुनियादी ढांचे के आधुनिकीकरण के माध्यम से ऐतिहासिक परिवर्तन हुए हैं। देशभर में विश्वस्तरीय रेलवे स्टेशन विकसित किए जा रहे हैं तथा हर क्षेत्र तक रेल कनेक्टिविटी का विस्तार किया जा रहा है।
श्री शर्मा ने कहा कि जहां वंदे भारत ट्रेनें गति और आधुनिकता के नए मानक स्थापित कर रही हैं, वहीं नमो भारत रैपिड रेल शहरी कनेक्टिविटी को नयी दिशा दे रही है। अमृत भारत ट्रेनें आम यात्रियों को बेहतर एवं किफायती यात्रा सुविधा उपलब्ध करा रही हैं, जबकि भारत गौरव ट्रेनें देश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को जन-जन तक पहुंचा रही हैं। उन्होंने कहा कि रेलवे का बढ़ता विद्युतीकरण भारत को हरित परिवहन की दिशा में आगे बढ़ा रहा है। नये रेल मार्ग, आधुनिक स्टेशन और अत्याधुनिक टर्मिनल देश की आर्थिक प्रगति को नयी गति प्रदान कर रहे हैं। चिनाब ब्रिज और बोगीबील ब्रिज जैसी परियोजनाएं भारत की इंजीनियरिंग क्षमता का विश्वस्तरीय उदाहरण हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित