जयपुर , मई 09 -- राजस्थान में जयपुर डिस्कॉम की अनोखी पहल के तहत जयपुर सिटी सर्किल के ऑपरेशन एंड मेंटेनेंस से जुड़े सहायक अभियंताओं और अधिशासी अभियंताओं ने शनिवार को विभागीय नियमों एवं परिपत्रों से संबंधित प्रश्नपत्र को हल किया।
आधिकारिक सूत्रों के अनुसार विद्युत भवन में यह परीक्षा ली गयी। डिस्कॉम्स चेयरमैन आरती डोगरा की पहल पर ली गयी, इस परख का उद्देश्य अभियंताओं में नियमों, प्रक्रियाओं और समय-समय पर जारी होने वाले सर्कुलर के प्रति जानकारी एवं समझ बढ़ाना है। डिस्कॉम प्रबंधन का मानना है कि उपभोक्ताओं को बेहतर सेवा देने के लिए क्षेत्र में तैनात अभियंताओं का अद्यतन रहना जरूरी है।
परीक्षा में जयपुर शहर वृत्त उत्तर और वृत्त दक्षिण में कार्यरत 40 सहायक अभियंता एवं अधिशाषी अभियंता सम्मिलित हुए। करीब आधे घंटे की समय सीमा में अभियंताओं ने 'टर्म्स एंड कंडीशंस फॉर सप्लाई' (टीसीओएस) तथा इसमें समय समय पर हुए संशोधनों, शुल्क आदेश, विभागीय स्टैंडर्ड ऑपरेटिंग प्रोसीजर (एसओपी) और नवीनतम दिशा-निर्देश, रूफ टॉप सोलर और मीटरिंग के तकनीकी और विधिक नियम से संबंधित प्रश्न हल किये। इस परख से अभियंताओं के अध्ययन के स्तर और विभागीय सर्कुलर की समझ को मापा जाएगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित