जयपुर , अक्टूबर 15 -- राजस्थान में पंचायती राज आम चुनाव-2026 के प्रथम चरण के तहत नाम वापसी की प्रक्रिया पूरी होने के बाद जयपुर जिला परिषद सदस्य पद के 57 वार्डों में 154 प्रत्याशी चुनाव मैदान में रह गए हैं।

जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) संदेश नायक ने बताया कि जिला परिषद सदस्य पद के लिए कुल 234 नामांकन पत्र दाखिल हुए थे। जांच के दौरान 62 नामांकन पत्र अस्वीकृत किए गए और दो निरस्त किए गए। इसके बाद 170 वैध प्रत्याशियों में से 16 ने नाम वापस ले लिया। इस प्रकार अब 154 प्रत्याशी चुनाव लड़ेंगे।

उन्होंने बताया कि प्रथम चरण में जिले की आठ पंचायत समितियों के 146 वार्डों के लिए कुल 603 नामांकन पत्र दाखिल हुए। इनमें से 145 अस्वीकृत और चार निरस्त किए गए। जांच के बाद 454 वैध प्रत्याशियों में से 37 ने नाम वापस ले लिया। इस प्रकार पंचायत समिति सदस्य पद के लिए अब 417 प्रत्याशी मैदान में हैं।

श्री नायक के अनुसार, पंचायत समिति चौमूं में 73, दूदू में 47, गोविंदगढ़ में 54, झोटवाड़ा में 47, जोबनेर में 55, किशनगढ़-रेनवाल में 47, मौजमाबाद में 49 और सांभर में 45 प्रत्याशी चुनाव लड़ रहे हैं।

उन्होंने बताया कि दूसरे चरण के तहत पंचायत समिति सदस्य पदों के लिए नामांकन प्रक्रिया जारी है। 15 अक्टूबर तक पांच पंचायत समितियों के 81 वार्डों में 110 प्रत्याशियों ने कुल 116 नामांकन पत्र दाखिल किए हैं। पंचायत समिति अमरसार में 25, आमेर में 20, जालसू में 18, रामपुरा डाबड़ी में 19 और शाहपुरा में 34 नामांकन पत्र दाखिल हुए हैं।

दूसरे चरण के चुनाव कार्यक्रम के अनुसार नामांकन पत्र दाखिल करने की अंतिम तिथि 16 अक्टूबर निर्धारित की गई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित