जयपुर , सितम्बर 13 -- राजस्थान में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने रविवार को जयपुर ग्रामीण में सांभर लेक थाने के थानाधिकारी राममिलन मीणा को एक मामले में 50 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया।

ब्यूरो के पुलिस महानिदेशक गोविन्द गुप्ता ने बताया कि एसीबी जयपुर नगर-प्रथम, जयपुर इकाई को शिकायत मिली कि परिवादी के पिताजी के नाम की फर्म को पीडब्ल्यूडी विभाग से प्राप्त सड़क निर्माण कार्य को थाना क्षेत्र में निर्बाध रूप से चालू रखने की एवज में थानाधिकारी द्वारा हर महीने 20 हजार रुपये रिश्वत की मांग की जा रही है। रिश्वत नहीं देने पर परिवादी की निर्माण साइट पर लगे वाहनों एवं कर्मचारियों को थाने ले जाकर परेशान किया जा रहा था।

इस पर एसीबी टीम द्वारा रिश्वत मांग का सत्यापन कराया गया जिसमें राममिलन मीणा द्वारा प्रत्येक महीने दस हजार रुपये के हिसाब से 50 हजार रुपए की रिश्वत राशि की मांग करना पाया गया। इसके बाद ट्रैप कार्रवाई करते हुए थानाधिकारी कक्ष में राममिलन मीणा को परिवादी से 50 हजार रुपए रिश्वत राशि लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया।

एसीबी की महानिरीक्षक एस. परिमला की निगरानी में आरोपी से पूछताछ तथा कार्रवाई जारी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित