जयपुर , अक्टूबर 24 -- राजस्थान की राजधानी जयपुर को स्वच्छ, सुंदर एवं गुलाबी रंगों से सुसज्जित करने के संकल्प के साथ जयपुर नगर निगम ने शनिवार को "रंग दे गुलाबी 2.0" अभियान का आयोजन किया गया।

इस अभियान में महापौर सुनील कोठारी एवं निगम आयुक्त ओम कसेरा ने भी भागीदारी निभाई। इसमें श्री कोठारी ने दीवारों पर पेंटिंग कर वहां काम कर रही टीम का हौंसला बढ़ाया। रंग दे गुलाबी अभियान में नगर निगम झोटवाड़ा वैशाली नगर जोन के वार्ड संख्या 27 में बायोडायवर्सिटी पार्क के सामने दीवार पर पेंटिंग करवाई गई, जिसमें उद्योग मंत्री कर्नल राज्यवर्धन सिंह राठौर ने पेंटिंग कर टीम का मनोबल बढ़ाया।

इस दौरान श्री कोठारी एवं श्री कसेरा ने विभिन्न जगहों पर दीवारों पर हो रही पेंटिंग का निरीक्षण भी किया और पेंटिंग कर रहे विद्यार्थियों एवं युवकों का हौंसला आफजाई की।

जयपुर की सुंदरता बढ़ाने के लिए इस विशेष पहल के एक ही दिन में 600 से अधिक दीवारों को रंगकर जयपुर की सुंदरता को एक नया आयाम देने का लक्ष्य रखा गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित