जयपुर, मई 27 -- केंद्र सरकार ने जयपुर के वरिष्ठ अधिवक्ता ललित शर्मा को राजस्थान हाईकोर्ट जयपुर बेंच में "सीनियर पैनल काउंसिल" के रूप में नियुक्त किया है।भारत सरकार के विधि एवं न्याय मंत्रालय द्वारा बुधवार को इस आशय का आदेश जारी किया गया ।
श्री शर्मा की यह नियुक्ति विधि क्षेत्र और समाजसेवा में उनके लंबे योगदान का सम्मान मानी जा रही है। वे पिछले कई वर्षों से जयपुर की सामाजिक, कानूनी और जनसेवा गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभाते आ रहे हैं। वह रोटरी क्लब सहित कई सामाजिक संस्थाओं से जुड़े हुए हैं और विभिन्न सामाजिक अभियानों में लगातार भागीदारी निभाते रहे हैं। जरूरतमंदों की सहायता, सामाजिक जागरूकता और जनहित के कार्यों में उनकी सक्रियता उन्हें समाज के बीच अलग पहचान दिलाती है। विधिक क्षेत्र में भी उनका अनुभव बेहद व्यापक है। वे लगभग एक दशक तक नगर निगम जयपुर के स्थायी अधिवक्ता रहे हैं और अनेक महत्वपूर्ण मामलों में निगम का सफल पक्ष रखा। श्री शर्मा हाईकोर्ट द्वारा गठित हिंगोनिया गोशाला कमेटी के भी सदस्य हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित