जयपुर , सितंबर 24 -- राजस्थान में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने गुरुवार को जयपुर पुलिस आयुक्तालय के नाहरगढ़ थाने के उपनिरीक्षक गिरधारी लाल मीणा को एक मामले में दस हजार रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया।

ब्यूरो के पुलिस महानिदेशक गोविन्द गुप्ता ने बताया कि एसीबी. की विशेष अनुसंधान इकाई को शिकायत मिली कि थाने में दर्ज मुकदमे में परिवादी की गिरफ्तारी के समय जब्त किए गए मोबाइल फोन एवं पर्स वापस लौटाने की एवज में अनुसंधान अधिकारी द्वारा रिश्वत की मांग की जा रही है। परिवादी से पूर्व में पांच हजार रुपए लेने के बाद भी और राशि की मांग की जा रही थी। शिकायत के सत्यापन के दौरान श्री मीणा द्वारा 25 हजार रुपए की मांग कर परिवादी का सामान वापस लौटाने के लिए 10 हजार रुपए में सहमति व्यक्त की गई।

इस पर आज ट्रेप कार्यवाही के दौरान श्री मीणा को परिवादी से 10 हजार रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया।

एसीबी की अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक स्मिता श्रीवास्तव एवं पुलिस महानिरीक्षक एस परिमला के सुपरवीजन में आरोपी से पूछताछ तथा कार्यवाही जारी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित