जयपुर , जून 08 -- राजस्थान में जयपुर विकास प्राधिकरण (जेडीए) ने जगतपुरा में नंदपुरी अंडरपास से रेलवे लाइन के समानांतर बनी सड़क को अस्सी फुट चौड़ा करने के लिए सोमवार को अवैध निर्माणों को हटाना शुरू किया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार इस रास्ते में पांच धार्मिक स्थलों सहित कई अवैध निर्माणों को हटाया जा रहा है और अब तक सौ से अधिक अवैध निर्माण हटाये गये हैं। धार्मिक स्थलों में एक मस्जिद, दो मंदिर, सत्संग भवन आदि शामिल हैं।
जेडीए द्वारा सड़क सीमा में आ रहे विभिन्न अतिक्रमणों को हटाने के लिए मौके पर बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया और भारी पुलिस बल की मौजूदगी में शुरू में अतिक्रमण हटाने का अभियान शुरू किया गया। इस दौरान कई जेसीबी मशीनों की मदद से अवैध निर्माणों को हटाया जा रहा है।
आधिकारिक सूत्रों के अनुसार यह अवैध निर्माण यातायात सुगम एवं सुलभ बनाने के लिए सड़क को चौड़ा करने के लिए पूरे नियमानुसार हटाये जा रहे हैं और इस दौरान कहीं से किसी अप्रिय घटना एवं स्थिति की सूचना नहीं हैं। इस कार्रवाई के दौरान जेडीए के कई वरिष्ठ अधिकारी मौके पर मौजूद रहकर स्थिति पर नजर बनाये हुए हैं और शांतिपूर्ण अतिक्रमणों को हटाया जा रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित