जयपुर , जून 29 -- राजस्थान में जयपुर जिले की आमेर तहसील में चांदवाजी थाना क्षेत्र में एक होटल के सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) की निर्माणाधीन दीवार ढह जाने से दो महिलाओं सहित तीन श्रमिकों की मौत हो गई जबकि इतने ही अन्य श्रमिक घायल हो गए।
आधिकारिक सूत्रों के अनुसार दीवार के ढह जाने से उसके मलबे में छह मजदूर दब गए। दुर्घटना स्थल पर उपखंड अधिकारी आमेर राजेन्द्र कुमार तथा आमेर तहसीलदार सौरभ ने एसडीआरएफ और सिविल डिफेंस की मदद से तत्काल राहत कार्य प्रारंभ कराया गया। हादसे में तीन श्रमिकों की मौके पर ही मृत्यु हो गई तथा तीन घायलों को तत्काल नजदीक के निम्स अस्पताल में पहुंचाया गया जहां पर उनका निशुल्क उपचार चल रहा है।
बिहार के रहने वाले तीनों मृतक मजदूर के पार्थिव शरीरों को निशुल्क बिहार भेजने की व्यवस्था जिला प्रशासन द्वारा की गई है। दुर्घटना के बारे में पता चलते ही संसदीय, विधि एवं जिला प्रभारी मंत्री जोगाराम पटेल, जिला कलक्टर संदेश नायक एवम् अतिरिक्त जिला कलक्टर जयपुर शहर दक्षिण युगांतर शर्मा तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे और मृतकों और घायलों के आश्रितों को ढाढस बंधाया और राहत कार्य का जायजा लिया।
श्री नायक ने बताया कि इस हादसे की जांच के लिए अतिरिक्त जिला कलक्टर जयपुर शहर दक्षिणी युगांतर शर्मा की अध्यक्षता में एक कमेटी का गठन किया गया है जो आगामी सात दिन में दुर्घटना के कारणों के संबंध मे अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत करेगी।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने घटना पर दुख जताते हुए कहा कि निर्माणधीन दीवार ढहने से हुआ हादसा अत्यंत दुखद है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को तत्काल राहत और बचाव कार्य संचालित करने क निर्देश दिये हैं। श्री शर्मा ने ईश्वर से दिवंगत आत्माओं की शांति एवं घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की प्रार्थना की।
विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी , भाजपा हरियाणा प्रभारी एवं सांसद डॉ सतीश पूनिया तथा पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने भी इस घटना में तीन लोगों की मृत्यु पर गहरा शोक व्यक्त किया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित