जयपुर , नवंबर 01 -- राजस्थान की राजधानी जयपुर के गोविंद देवजी मंदिर के मुख्य महंत अंजन कुमार गोस्वामी का रविवार को हृदयाघात से निधन हो गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार दोपहर में श्री गोस्वामी को साइलेंट अटैक आने के बाद उन्हें दुर्लभजी अस्पताल ले जाया गया लेकिन उन्हें बचाया नहीं जा सका।

उनके निधन पर राज्यपाल हरिभाऊ किसनराव बागडे ने गहरा शोक व्यक्त किया है। श्री बागडे ने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति और शोक संतप्त परिजनों एवं अनुयायियों को यह दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करने की कामना की।

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने भी महंत के निधन पर गहरा दुख प्रकट करते हुए कहा कि उनके निधन का समाचार अत्यंत दुखद है।

उन्होंने कहा कि उनका सम्पूर्ण जीवन गोविंद चरणों की सेवा, सनातन संस्कृति के संवर्धन और जन-जन में भक्ति भाव के संचार को समर्पित रहा।

उन्होंने गोविंद देव महाराज से दिवंगत आत्मा को शांति एवं परिजनों तथा अनुयायियों को यह दुःख सहन करने की शक्ति देने की प्रार्थना की।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित