जयपुर , जनवरी 26 -- राजस्थान भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने यहां 77वां गणतंत्र दिवस हर्षोल्लास एवं समारोहपूर्वक मनाया और इस दौरान उत्कृष्ट कार्य के लिए अधिकारियों और कर्मचारियों को सम्मानित भी किया गया।
इस अवसर पर एसीबी मुख्यालय में ब्यूरो के महानिदेशक गोविन्द गुप्ता ने राष्ट्रीय ध्वज फहराकर अधिकारियों, कर्मचारियों एवं सभी नागरिकों को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं दी। इस मौके उन्होंने कहा कि भारत ने एक गणतंत्र के रूप में निरंतर प्रगति कर विश्व पटल पर सशक्त पहचान बनायी है।
उन्होंने कहा, " आज ही के दिन हमें हमारा संविधान मिला था, जिससे हमें हमारे मौलिक अधिकार एवं दायित्व प्राप्त हुए हैं। पारदर्शिता, ईमानदारी एवं निष्पक्षता राष्ट्र निर्माण की आधारशिला है। भ्रष्टाचार मुक्त व्यवस्था ही सच्ची आज़ादी का प्रतीक है। हमारा कर्तव्य है कि हम अपने सपनों का भारत साकार करने के लिए पूरी पारदर्शिता, ईमानदारी और निष्पक्षता के साथ कार्य करें जिससे हर नागरिक को न्याय और समानता मिले। "उन्होंने एसीबी की पूरी टीम का आह्वान करते हुए कहा, " हमारे लिए सही मायनों में आजादी तब होगी, जब किसी भी आमजन को भ्रष्टाचार का सामना नहीं करना पड़े। इसके लिए हमें भ्रष्टाचार के खिलाफ चलाये जा रहे जागरूकता अभियानों से अधिक से अधिक लोगों को जोड़ने की आवश्यकता है और आमजन में यह विश्वास जगाये की जब वे एसीबी के पास अपनी शिकायत लेकर आएंगे तो ब्यूरो द्वारा त्वरित उचित कार्रवाई की जाएगी। "इस अवसर पर श्री गुप्ता ने उत्कृष्ट कार्य प्रदर्शन के लिए ब्यूरो के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को केन्द्रीय गृह मंत्रालय द्वारा घोषित उत्कृष्ट/ अति उत्कृष्ट सेवा पदक/ प्रशस्ति पत्र प्रदान किये गये, जिसमें अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मांगीलाल राठौड को अति उत्कृष्ट सेवा पदक, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विजय कुमार को उत्कृष्ट सेवा पदक, पुलिस उपाधीक्षक राजेश दुरेजा को उत्कृष्ट सेवा पदक और हेड कांस्टेबल ओमप्रकाश सैनी को उत्कृष्ट सेवा पदक प्रदान कर सम्मानित किया गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित