जयपुर , सितंबर 15 -- राजस्थान में नगरीय निकाय आम चुनाव-2026 के तहत जयपुर, जोधपुर एवं कोटा नगर निगम एवं कोटा जिले में सुकेत नगरपालिका के चुनाव में मतदान केंद्रों पर हुई मतगणना के दौरान कुछ बूथों की इलेक्ट्रोनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) में तकनीकी खराबी पाये जाने के कारण बुधवार को पुनर्मतदान कराया जायेगा।

राज्य निर्वाचन आयोग के अनुसार नगर निगम जयपुर के वार्ड संख्या 09 के बूथ संख्या 111, वार्ड संख्या 18 के बूथ संख्या 235, वार्ड संख्या 25 के बूथ संख्या 343, वार्ड संख्या 34 के बूथ संख्या 477 एवं 484, नगर निगम जोधपुर के वार्ड संख्या 50 के बूथ संख्या 338, नगर निगम कोटा के वार्ड संख्या 87 के बूथ संख्या 99, वार्ड संख्या 44 के बूथ संख्या 448, वार्ड संख्या 11 के बूथ संख्या 576 तथा नगरपालिका सुकेत के वार्ड संख्या 04 के बूथ संख्या 05 पर पुनर्मतदान कराया जायेगा।

यह पुनर्मतदान सुबह सात से सायं छह बजे तक होगा। पुनर्मतदान की मतगणना 17 सितंबर को सुबह आठ बजे से निर्धारित स्थान पर की जायेगी।

उल्लेखनीय है कि आयोग को इन मतदान केंद्रों पर मतगणना के दौरान ईवीएम में तकनीकी खराबी की शिकायतें प्राप्त हुई थीं। संबंधित जिला निर्वाचन अधिकारियों एवं रिटर्निंग अधिकारियों से प्राप्त रिपोर्टों का परीक्षण करने के बाद आयोग ने पाया कि इन मतदान केंद्रों पर मतगणना के दौरान मशीनों में आयी तकनीकी खराबी के कारण अप्रदर्शित मत, निकटतम प्रतिद्वंद्वी के मतों के अंतर से अधिक है। इसे देखते हुए आयोग ने पुनर्मतदान कराने का निर्णय लिया।

आयोग ने स्पष्ट किया है कि पुनर्मतदान के लिए अधिकृत मतदाता ही मतदान के पात्र होंगे। मूल मतदान के दौरान मतदाता की हाथ की अंगुली पर स्याही का निशान लगाया गया था। पुनर्मतदान में मतदाता की बाएं हाथ की मध्यमा पर अमिट स्याही का निशान इस प्रकार लगाया जायेगा। आवश्यकता होने पर ईवीएम में उपयोग के लिए मतपत्र एवं निविदत्त मतपत्र नये सिरे से तैयार किये जायेंगे। आयोग ने निर्देश दिए हैं कि पुनर्मतदान के बाद मूल मतदान में प्रयुक्त ईवीएम को सील कर सुरक्षित अभिरक्षा में रखा जाये।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित