मधुबनी , सितंबर 27 -- बिहार में मधुबनी जिले के जयनगर में 48वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) के जवानों ने नशीले इंजेक्शन की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 200 संदिग्ध नशीले इंजेक्शन के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है।

एसएसबी सूत्रों ने आज यहां बताया कि 26 सितंबर की रात सीमा स्तंभ संख्या 269/06 से करीब 2.5 किलोमीटर अंदर भारतीय क्षेत्र में बेला बांध के समीप जवानों ने संदिग्ध गतिविधि के आधार पर तलाशी ली। इस दौरान जयनगर थाना क्षेत्र के बेल्ही गांव के वार्ड संख्या दो निवासी जीवछ यादव (37) को पकड़ा गया। इस तलाशी में उसके पास से लीजेसिक इंजेक्शन 100 और एविल इंजेक्शन 100, कुल 200 इंजेक्शन बरामद किए गए।

सूत्रों ने बताया कि गिरफ्तार तस्कर के पास से 2,070 रुपये नकद और एक मोबाइल फोन भी बरामद किया गया। पूछताछ में उसने बताया कि उक्त इंजेक्शन उसने बेल्ही गांव निवासी रुपेश कुमार से 16,500 रुपये में खरीदे थे और उन्हें बेला निवासी निशांत कुमार को पहुंचाने जा रहा था।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित