नयी दिल्ली , जून 30 -- केंद्रीय कौशल विकास एवं उद्यमिता राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) जयंत चौधरी ने मंगलवार को इंडियास्किल्स प्रतियोगिता 2026-27 का शुभारंभ किया।
श्री चौधरी ने कहा कि "इंडियास्किल्स केवल एक प्रतियोगिता नहीं, बल्कि कौशल को अवसर, उत्कृष्टता को पहचान और प्रतिभा को राष्ट्रीय गौरव में बदलने का एक सशक्त मंच है। आज का भारत ऐसा भारत है, जहां कुशल युवा केवल रोजगार के लिए नहीं, बल्कि दुनिया का नेतृत्व करने के लिए तैयार हो रहे हैं। इंडियास्किल्स 2026-27 देश के हर युवा को अपनी प्रतिभा दिखाने और भारत को विश्व की स्किल कैपिटल बनाने की यात्रा में भागीदार बनने का निमंत्रण है।"उन्होंने कहा कि यह देश की प्रमुख कौशल प्रतियोगिता है, जिसका उद्देश्य 63 उद्योग-उन्मुख कौशल श्रेणियों में देश के प्रतिभाशाली युवाओं की पहचान, प्रशिक्षण और उन्हें वैश्विक मंच तक पहुंचाना है।
कौशल विकास एवं उद्यमिता मंत्रालय ने कहा कि प्रतियोगिता के शुभारंभ के साथ ही स्किल इंडिया डिजिटल हब पर पंजीकरण प्रक्रिया भी शुरू कर दी गयी है। देशभर के युवा इस डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से पारदर्शी और आसान तरीके से आवेदन कर सकते हैं।
मंत्रालय ने कहा कि इंडियास्किल्स प्रतियोगिता का आयोजन जिला, राज्य और क्षेत्रीय स्तर से होते हुए राष्ट्रीय स्तर तक किया जायेगा। राष्ट्रीय प्रतियोगिता में चयनित प्रतिभागियों को विशेष प्रशिक्षण और मूल्यांकन के बाद वर्ल्डस्किल्स प्रतियोगिता जैसे अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भारत का प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिलेगा।
इंडियास्किल्स 2026-27 में पिछले संस्करण की तरह 63 भविष्य उन्मुख और उद्योग आधारित कौशल श्रेणियों को शामिल किया गया है। इनमें एडवांस्ड मैन्युफैक्चरिंग, निर्माण, डिजिटल टेक्नोलॉजी, इंजीनियरिंग, हॉस्पिटैलिटी, परिवहन, रचनात्मक उद्योग और उभरते क्षेत्रों से जुड़े कौशल शामिल हैं।
कौशल विकास एवं उद्यमिता मंत्रालय ने सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से अधिकतम युवाओं की भागीदारी सुनिश्चित करने का आग्रह किया है। इसके लिए स्कूलों, आईटीआई, पॉलिटेक्निक, इंजीनियरिंग कॉलेजों, विश्वविद्यालयों, कौशल प्रशिक्षण संस्थानों और उद्योग जगत के सहयोग से व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने की अपील की गयी है, ताकि देश के अधिक से अधिक प्रतिभाशाली युवाओं को अपनी क्षमता प्रदर्शित करने का अवसर मिल सके।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित