श्रीनगर , फरवरी 01 -- जम्मू -कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने केंद्रीय बजट 2026-27 में की गयी महत्वपूर्ण घोषणाओं का स्वागत करते हुए कहा कि बजट में केन्द्रशासित प्रदेश के लिये प्रस्तुत उपाय न केवल क्षेत्र की अर्थव्यवस्था को बढ़ावा देंगे बल्कि जमीनी स्तर के विकास, रोजगार सृजन और पर्यटन को प्रोत्साहन देने में भी निर्णायक भूमिका निभाएंगे।
श्री सिन्हा ने रविवार को वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति विशेष आभार व्यक्त करते हुए अपने बयान में कहा कि बजट में पर्यावरण की दृष्टि से टिकाऊ पर्वतीय मार्गों को शामिल किया गया है। 100 किलोमीटर लंबी सड़क के निर्माण की घोषणा का जम्मू-कश्मीर में पर्यटन के भविष्य पर दूरगामी प्रभाव पड़ेगा। उनके अनुसार, वैश्विक स्तर पर साहसिक पर्यटन की बढ़ती मांग को देखते हुए, इस तरह के पर्यावरण-अनुकूल मार्गों के निर्माण से घाटी में आने वाले पर्यटकों की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि होगी। उन्होंने कहा कि इस पहल से स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर खुलेंगे और क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था में धन का प्रवाह बढ़ेगा।
श्री सिन्हा ने कहा कि केंद्र सरकार ने विनिर्माण, मजबूत बुनियादी ढांचा, लघु एवं मध्यम उद्यम (एमएसएमई), सार्वजनिक स्वास्थ्य, शहरी विकास, इलेक्ट्रॉनिक्स और आपूर्ति श्रृंखला नेटवर्क को भविष्य की आर्थिक रणनीति के मुख्य स्तंभों के रूप में पहचाना है, और यह खुशी की बात है कि जम्मू -कश्मीर में इन सभी क्षेत्रों में उभरने की क्षमता है। उन्होंने कहा कि जम्मू - कश्मीर में औद्योगिक गतिविधियों की वृद्धि, कौशल विकास कार्यक्रमों का विस्तार और निवेश के अवसर राज्य को आत्मनिर्भर अर्थव्यवस्था की ओर ले जा रहे हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित