जम्मू , जुलाई 27 -- भारी बारिश के कारण हुए भूस्खलन और मलबा आने से बंद हुए जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग को खोलने का काम तेजी से चल रहा है और फंसे हुए सैकड़ों वाहनों को धीरे-धीरे निकाला जा रहा है।

अधिकारियों ने बताया कि उधमपुर जिले के देवाल में फिर से भूस्खलन होने के बाद उधमपुर और बनिहाल के बीच करीब 1,700 ट्रक और बड़ी संख्या में यात्री वाहन फंस गए थे। इन्हें फिलहाल एक लेन से निकाला जा रहा है। साथ ही सड़क की मरम्मत का काम भी जारी है और मलबे को भी हटाया जा रहा है।

अधिकारी ने कहा कि सबसे पहले यात्री वाहनों को निकाला जा रहा है। हालांकि, जब तक सड़क पूरी तरह ठीक नहीं हो जाती, तब तक जम्मू से श्रीनगर, डोडा, रामबन, पटनीटॉप और अन्य क्षेत्रों की ओर, या वहां से जम्मू की ओर किसी भी नये वाहन को जाने की अनुमति नहीं दी जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित