जम्मू , मई 25 -- जम्मू शहर में भीषण गर्मी का प्रकोप लगातार जारी है, जहां सोमवार को अधिकतम तापमान 40.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम विभाग द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार, जम्मू जिले में आज अधिकतम तापमान 40.3 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, रियासी जिले का कटरा कस्बा 37.8 डिग्री सेल्सियस अधिकतम और 22.6 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान के साथ दूसरा सबसे गर्म स्थान रहा।
इसके विपरीत, पहाड़ी क्षेत्रों में मौसम अपेक्षाकृत सामान्य रहा, जहां बनिहाल में 25.6 डिग्री सेल्सियस, बटोटे में 28.1 डिग्री सेल्सियस और भद्रवाह में 27.2 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।
इस बीच, मौसम विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि आज मौसम आमतौर पर शुष्क रहा, हालांकि देर दोपहर के समय कुछ स्थानों पर तेज हवाओं और ओलावृष्टि के साथ हल्की बौछारें पड़ीं। उन्होंने बताया कि 26 और 27 मई को मौसम आमतौर पर गर्म और शुष्क रहेगा।
इसके बाद, 28 और 29 मई को कुछ स्थानों पर बादल छाए रहने, गरज-चमक के साथ बारिश होने, ओलावृष्टि और तेज हवाएं चलने के आसार है। वहीं, 30 मई से तीन जून तक मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहेगा, हालांकि देर दोपहर या शाम के समय छिटपुट स्थानों पर हल्की बारिश या गरज-चमक की स्थिति से इनकार नहीं किया जा सकता है।
बढ़ती गर्मी को देखते हुए जम्मू-कश्मीर स्कूल शिक्षा विभाग ने गर्मियों की छुट्टियों की घोषणा कर दी है। इसके तहत कक्षा एक से छह (प्राथमिक) तक के लिए एक जून से 22 जुलाई तक और कक्षा सात से 12 तक के लिए आठ जून से 22 जुलाई तक ग्रीष्मकालीन अवकाश रहेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित