जम्मू , अप्रैल 08 -- जम्मू नगर निगम (जेएमसी) और जम्मू स्मार्ट सिटी लिमिटेड (जेएससीएल) 'स्वच्छ तवी महोत्सव' के लिए पूरी तरह तैयार हैं, जो स्थानीय विरासत और पर्यावरण संरक्षण का प्रमुख उत्सव है।

जम्मू नगर निगम के आयुक्त डॉ. देवांश यादव ने यहां संवाददाता सम्मेलन में बताया कि जम्मू-कश्मीर सरकार के आवास और शहरी विकास विभाग की ओर से आयोजित 'स्वच्छ तवी महोत्सव' बैसाखी के त्योहार के उपलक्ष्य में चौथे तवी पुल पर आयोजित किया जायेगा।

यह महोत्सव 'स्वच्छ भारत मिशन शहरी 2.0' के तहत जम्मू को एक स्वच्छ और सांस्कृतिक रूप से अधिक सक्रिय शहर बनाने के लिए जेएमसी के जारी प्रयासों को उजागर करता है। श्री यादव के साथ संयुक्त आयुक्त (स्वास्थ्य एवं स्वच्छता) अब्दुल सत्तार, संयुक्त आयुक्त (राजस्व एवं स्थापना) सुबाह मेहता और अन्य अधिकारी भी मौजूद थे।

उन्होंने कहा कि इस महोत्सव में जनता के लिए कई तरह की गतिविधियां होंगी। इनमें तवी आरती और नदी में नौका विहार शामिल है। उन्होंने कहा, "बैसाखी पर इसे एक परिवार-अनुकूल कार्यक्रम बनाने के लिए जेएमसी ने एक पारंपरिक मेले, दंगल और फूड फेस्टिवल का आयोजन किया है।"डॉ. यादव ने कहा , "सेलेब्रिटी प्रदर्शन, लेजर शो, सांस्कृतिक कार्यक्रम और बच्चों के लिए फन राइड्स भी होंगे। इन सब कार्यक्रमों के जरिये मेले के दौरान नदी क्षेत्र को मुख्य आकर्षण का केंद्र बनाने की कोशिश है।" डॉ. यादव ने कहा कि यह महोत्सव भविष्य के लिए तवी नदी को स्वच्छ रखने की प्रतिबद्धता के साथ-साथ स्थानीय परंपराओं का जश्न मनाने का जरिया है।

उन्होंने यह भी घोषणा की कि तवी महोत्सव 14, 15 और 16 अप्रैल को तीन दिनों तक चलेगा। इसका आयोजन पर्यटन विभाग और सूचना एवं जनसंपर्क विभाग (डीआईपीआर) के सहयोग से किया जायेगा और यह तवी नदी के बायें तट पर होगा, जो जनता के लिए पूरी तरह से खुला रहेगा। उन्होंने बताया कि इस आयोजन में दंगल, प्रामाणिक डोगरी व्यंजनों के स्टॉल और हथकरघा प्रदर्शनियां शामिल होंगी।

डॉ. यादव ने कहा, "परिवार 'सूर्य पुत्री तवी' को स्वच्छ रखने के प्रयासों का समर्थन करने के साथ-साथ यहां बनाये गये खेल क्षेत्रों का भी आनंद ले सकते हैं।"उन्होंने बताया कि हालांकि महोत्सव और सांस्कृतिक कार्यक्रमों में प्रवेश निःशुल्क है, लेकिन नौका विहार के लिए बच्चों को 50 और वयस्कों को 100 रुपये देने होंगे। यह नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ वॉटर स्पोर्ट्स (एनआईडब्लूएस) गोवा की अंतिम रिपोर्ट से पहले का ट्रायल रन है, जिससे आने वाले महीनों में स्थायी रूप से वॉटर स्पोर्ट्स की सुविधा स्थापित करने में मदद मिलेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित