जम्मू , सितंबर 27 -- जम्मू-कश्मीर भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद सत शर्मा ने कांग्रेस नीत विपक्ष पर आरोप लगाया है कि उसने चुनाव आयोग के खिलाफ झूठा अभियान चलाया और एक संवैधानिक संस्था को दलीय राजनीति में घसीटा है, इसलिए कांग्रेस नेता राहुल गांधी और कांग्रेस नेतृत्व को सार्वजनिक रूप से माफी मांगनी चाहिए।

रविवार को पार्टी मुख्यालय में एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए श्री शर्मा ने कहा कि चुनावों या अन्य राजनीतिक रूप से महत्वपूर्ण अवसरों के दौरान संवैधानिक संस्थाओं को बदनाम करने की कोशिशों को कतई स्वीकार नहीं किया जा सकता। उनके साथ पार्टी के मुख्य प्रवक्ता वरिष्ठ अधिवक्ता सुनील सेठी और प्रवक्ता अरुण गुप्ता भी मौजूद थे।

श्री शर्मा ने कहा कि चुनाव आयोग के संयुक्त स्पष्टीकरण ने चुनाव आयुक्तों के बीच कथित मतभेदों को लेकर कांग्रेस के बनाए जा रहे झूठे प्रचार की हवा निकाल दी है। उन्होंने बताया कि मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के साथ-साथ चुनाव आयुक्त डॉ. एस. एस. संधू और डॉ. विवेक जोशी ने सामूहिक रूप से स्पष्ट किया है कि विशेष गहन पुनरीक्षण से संबंधित निर्णय पूर्ण आयोग के अनुमोदन से लिए गए थे। आयोग ने यह भी साफ किया कि कैबिनेट सचिव को भेजा गया पत्र प्रतिनियुक्ति पर तैनात एक अधिकारी से संबंधित था और इसका आयोग की नीति या एसआईआर से कोई संबंध नहीं था।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित