जम्मू , अगस्त 13 -- जम्मू रेलवे पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए 1991 में जम्मू तवी रेलवे स्टेशन पर हुए बम विस्फोट मामले में आतंकवादी एवं विध्वंसक गतिविधि निरोधक कानून (टाडा) के तहत दर्ज प्रकरण में वांछित एक भगोड़े आतंकवादी को गिरफ्तार किया है।
जम्मू तवी रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर एक पर हुए इस विस्फोट में दो अर्धसैनिक बल के जवानों सहित तीन लोगों की मौत हो गयी थी और 18 घायल हो गये थे।
आधिकारिक सूत्रों ने गुरुवार को यहां बताया कि रेलवे (जीआरपी) पुलिस जम्मू ने टाडा के तहत नामजद भगोड़े आतंकी अल्ताफ हुसैन शेख को गिरफ्तार किया है, जो नजीर अहमद शेख का बेटा और जम्मू-कश्मीर के अनंतनाग जिले के बिजबिहारा स्थित मरहामा का निवासी है। पैंतीस वर्ष की लंबी तलाश के बाद इस वांछित आतंकवादी को गिरफ्तार किया गया है। वह भूमिगत हो गया था और कई दशकों से पहचान छिपाकर रह रहा था।"आरोपी अपने अन्य सहयोगियों के साथ दो अप्रैल 1991 को जम्मू रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर एक पर हुए बम विस्फोट मामले में शामिल था। इस मामले में जीआरपी थाना जम्मू में प्राथमिकी दर्ज किया गया था।
सूत्रों ने खुलासा किया कि जांच के दौरान विस्फोट वाले दिन ही अमान उल्लाह खान नामक आतंकवादी को गिरफ्तार कर लिया गया था, लेकिन तीन अन्य फरार हो गये थे जिन्हें अदालत ने भगोड़ा घोषित कर दिया था।
आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि पिछले दो वर्षों में जीआरपी जम्मू ने गहन तलाशी अभियान चलाया और भगोड़े आतंकवादी के विवरण, आवासीय जानकारी और बदली हुई पहचान की सूक्ष्मता से जांच कर उसका सत्यापन किया। उसने बिजबिहारा इलाके में खुद को एक सफल व्यवसायी के रूप में स्थापित कर लिया था।
गिरफ्तार आरोपी को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए आज टाडा अदालत में पेश किया गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित