जम्मू , जुलाई 21 -- सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के जवानों ने जम्मू के अखनूर इलाके के खौड़ स्थित परगवाल क्षेत्र में अंतरराष्ट्रीय सीमा से भारतीय क्षेत्र में घुसने की कोशिश कर रहे एक घुसपैठिये को हिरासत में लिया है।
आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि 20-21 जुलाई की दरमियानी रात बीएसएफ के जवानों ने खौड़ स्थित मलाबैला सीमा चौकी (बीओपी) पर अंतरराष्ट्रीय सीमा पार करने की कोशिश कर रहे एक पाकिस्तानी नागरिक को पकड़ लिया।
उन्होंने बताया, "जवानों ने सीमा के पास संदिग्ध गतिविधि देखी और संतरी के बार-बार की चेतावनी के बावजूद वह व्यक्ति भारतीय सीमा की ओर बढ़ता रहा। इसके बाद उसे काबू में कर हिरासत में ले लिया गया।"पकड़े गये व्यक्ति की पहचान पाकिस्तान के पिंडी गांव निवासी मोहम्मद रफीक उर्फ काला (53) के रूप में हुई है।
अधिकारियों के मुताबिक, पूछताछ के दौरान उसने खुलासा किया कि वह अपनी शादीशुदा बहन से मिलने के लिए लूनी गांव (पाकिस्तान) से निकला था और जंग गांव (पाकिस्तान) की ओर जा रहा था।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित