नयी दिल्ली , जुलाई 18 -- कृषि एवं प्रसंस्कृत खाद्य उत्पाद निर्यात विकास प्राधिकरण (एपीडा) ने जम्मू कश्मीर के शोपियां और पुलवामा से सिंगापुर के लिए प्रीमियम अरेको चेरी और सेंटरोज़ प्लम की पहली खेप के निर्यात की सुविधा प्रदान की है।

यह उपलब्धि इस क्षेत्र से संयुक्त अरब अमीरात के अबू धाबी और दुबई को ताजी चेरी और प्लम के सफल निर्यात के बाद हासिल हुई है। इससे कश्मीर के प्रीमियम फलों की वैश्विक मौजूदगी और भी बढ़ गई है। एपीडा ने मेसर्स ओसुम फूड सॉल्यूशंस एलएलपी और मेसर्स फ्रूट मास्टर एग्रो फ्रेश प्राइवेट लिमिटेड, पुलवामा के सहयोग से सिंगापुर को पहले निर्यात खेप के लिए समारोह का आयोजन भी किया।

जम्मू और कश्मीर बेहतरीन स्वाद, बनावट और लंबे समय तक टिकने वाले उच्च गुणवत्ता वाले फल पैदा करता है। इस निर्यात खेप की कटाई, ग्रेडिंग, पैकिंग और परिवहन वैज्ञानिक तरीके से किया गया था, और सिंगापुर पहुंचने पर ताजगी और गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए अंतरराष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा और पौध स्वच्छता मानकों का पालन करते हुए एक कुशल कोल्ड चेन से इसे पहुंचाया गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित