श्रीनगर , मई 16 -- जम्मू-कश्मीर सरकार ने बारामूला एवं राजौरी के लिए क्रमशः 37.96 करोड़ रुपये और 34.43 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत से प्रयुक्त जल प्रबंधन परियोजनाओं को मंजूरी प्रदान की है।

यह जानकारी शनिवार को एक आधिकारिक प्रवक्ता ने दी। उन्होंने बताया कि श्री उमर अब्दुल्ला के नेतृत्व वाली सरकार द्वारा स्वीकृत परियोजनाओं से सीवेज का वैज्ञानिक उपचार सुनिश्चित होने, जल निकायों के प्रदूषण को रोकने और बारामूला एवं राजौरी के लोगों के लिए सार्वजनिक स्वास्थ्य, स्वच्छता और समग्र जीवन स्थितियों में उल्लेखनीय सुधार होने की उम्मीद है। इन परियोजनाओं का उद्देश्य स्वच्छता अवसंरचना को मजबूत करना और इन दोनों शहरी क्षेत्रों में अपशिष्ट जल प्रबंधन की चुनौतियों का समाधान करना है।

आवास एवं शहरी विकास विभाग ने स्वच्छ भारत मिशन (शहरी) 2.0 के पूंजीगत व्यय घटक के अंतर्गत बारामूला नगर परिषद और राजौरी नगर परिषद के लिए प्रयुक्त जल प्रबंधन परियोजनाओं हेतु विस्तृत परियोजना रिपोर्ट तैयार की है। डीपीआर का श्रीनगर स्थित राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान द्वारा तकनीकी रूप से सत्यापन किया जा चुका है। इन परियोजनाओं को सीक्वेंशियल बैच रिएक्टर तकनीक का उपयोग करके कार्यान्वित किया जाएगा, जो एकल-चरण जैविक उपचार प्रक्रिया के माध्यम से उच्च उपचार दक्षता प्रदान करती है।

बारामूला एवं राजौरी में स्वच्छता सुविधाओं को बेहतर एवं सतत अपशिष्ट जल उपचार प्रणाली स्थापित करने के लिए इन परियोजनाओं की परिकल्पना की गई है। दोनों परियोजनाएं 18 महीनों में पूरी होने वाली हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित