श्रीनगर , अप्रैल 14 -- जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने मंगलवार को प्रदेश में शांति भंग करने की कोशिश करने वालों को चेतावनी दी।
श्री उमर ने कहा कि उनकी सरकार इस केंद्र शासित प्रदेश में 'जंगल राज' या सांप्रदायिक वैमनस्य को पनपने नहीं देगी। दक्षिण कश्मीर के अनंतनाग जिले के बिजबेहारा इलाके में एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि कुछ तत्व माहौल खराब करने की कोशिश कर रहे हैं।
उन्होंने कहा, "आइए, एक नये दिन की, एक नयी शुरुआत करें। माहौल और हालात अच्छे बने रहें। कुछ लोग ऐसे हैं, जो यहां जंगल राज कायम करना चाहते हैं, जो माहौल बिगाड़ना चाहते हैं और जिन्हें शांति पसंद नहीं है। वे धार्मिक अशांति और झगड़े चाहते हैं।"जम्मू संभाग के रामबन जिले में हाल ही में हुई एक घटना का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि एक 'निर्दोष' व्यक्ति की 'हत्या' अस्वीकार्य है। इसके लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने उप राज्यपाल मनोज सिन्हा से भी अपील की कि वे इस मामले में सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करें।
उल्लेखनीय है कि सोमवार को रामबन ज़िले में तनाव बढ़ गया था। कथित गौ-रक्षकों ने एक युवक पर हमला किया और उसका पीछा किया, जिससे मजबूर होकर उसे तेज़ बहती नदी में कूदना पड़ा। बचाव की कोशिशों के बावजूद युवक का अब तक कोई सुराग नहीं मिला है। अधिकारियों ने इस घटना की जांच के लिए एक विशेष जांच दल (एसआईटी ) का गठन किया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित