श्रीनगर , अप्रैल 06 -- मौसम विभाग ने जम्मू-कश्मीर में एक और बारिश और हिमपात वाले दौर की संभावना जाहिर की है। मंगलवार पूर्वाह्न से बुधवार शाम तक प्रदेश के कई हिस्सों में रुक-रुक कर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है, जबकि ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी हो सकती है।

मौसम विभाग के अनुसार, जम्मू और कश्मीर दोनों संभागों में कुछ स्थानों पर मध्यम से भारी बारिश हो सकती है। वहीं, ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बर्फबारी के आसार हैं। विभाग ने 07 और 08 अप्रैल को लेकर परामर्श जारी करते हुए चेतावनी दी है कि कुछ स्थानों पर गरज के साथ बारिश, ओलावृष्टि और 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।

इसके साथ ही, तेज बारिश के कारण अचानक बाढ़ (फ्लैश फ्लड), भूस्खलन और निचले इलाकों में जलभराव का खतरा भी जताया गया है।

09 और 10 अप्रैल को कुछ स्थानों पर हल्की बारिश और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी के छोटे-छोटे दौर देखने को मिल सकते हैं। हालांकि, 11 से 16 अप्रैल के बीच मौसम सामान्यतः शुष्क रहने की संभावना है, लेकिन दोपहर के समय कहीं-कहीं हल्की बारिश से इनकार नहीं किया गया है।

तापमान की बात करें तो कश्मीर संभाग के कई हिस्सों में न्यूनतम तापमान सामान्य से 1-3 डिग्री सेल्सियस अधिक दर्ज किया गया, जबकि जम्मू संभाग के कई क्षेत्रों में यह 0-3 डिग्री सेल्सियस कम रहा।

सबसे कम न्यूनतम तापमान गुलमर्ग में माइनस 1.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि जम्मू संभाग में भद्रवाह सबसे ठंडा रहा, जहां तापमान 4.0 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित