श्रीनगर , सितंबर 24 -- जम्मू-कश्मीर के कुल 5,73,667 अनुसूचित जनजाति-2 प्रमाण पत्रों में से 5,04,007 प्रमाण पत्र जम्मू खंड में जारी किये गये हैं, जबकि बाकी 69,660 प्रमाण पत्र कश्मीर खंड में जारी किये गये हैं।

जम्मू-कश्मीर सरकार ने विधानसभा में गुरुवार को यह जानकारी दी।

जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री एवं राजस्व विभाग के प्रभारी मंत्री उमर अब्दुल्ला ने यह जानकारी दी। उन्होंने यह जानकारी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) विधायक नरिंदर सिंह रैना के एक सवाल के जवाब में दी, जिसमें जम्मू-कश्मीर में रहने वाले पहाड़ी समुदाय के पात्र लोगों को एसटी-2 प्रमाण पत्र जारी करने के बारे में पूछा गया था।

पूरे जम्मू-कश्मीर में कुल 5,73,667 एसटी-2 प्रमाण पत्र जारी किये गये हैं। कश्मीर खंड में बारामूला में 29,635 सर्टिफिकेट दर्ज किये गये, जबकि श्रीनगर में 46, बडगाम में 336, पुलवामा में 836, गांदरबल में 1,018, कुलगाम में 347, कुपवाड़ा में 34,224, बांदीपोरा में 193, शोपियां में 1,735 और अनंतनाग में 1,290 प्रमाण पत्र दर्ज हुए।

विभाग के आंकड़ों के अनुसार, कश्मीर खंड के तहत आने वाले जिलों में कुल 69,660 सर्टिफिकेट जारी किये गये।

जम्मू खंड में राजौरी में सबसे ज़्यादा 3,01,091 प्रमाण पत्र जारी किये गये, इसके बाद पुंछ में 1,85,435 और किश्तवाड़ में 17,304 प्रमाण पत्र जारी हुए। जम्मू में सिर्फ 140, उधमपुर में सात, रामबन में दो, सांबा में एक और डोडा में तीन प्रमाण पत्र जारी किये गये।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित