नयी दिल्ली , मई 11 -- खनन मंत्रालय जम्मू-कश्मीर में औद्योगिक विकास को गति देने के उद्देश्य से चूना पत्थर ब्लॉकों की नीलामी का दूसरा चरण 12 मई से श्रीनगर में शुरू करेगा।
खान मंत्रालय ने सोमवार को बताया कि दूसरे चरण में मंत्रालय, जम्मू-कश्मीर सरकार के सहयोग से 12 चूना पत्थर ब्लॉकों की नीलामी करेगा। ये ब्लॉक अनंतनाग, राजौरी और पुंछ जिलों में स्थित हैं। इनमें नए चिन्हित ब्लॉकों के साथ-साथ दोबारा नीलाम किए जा रहे ब्लॉक भी शामिल हैं, जिससे संसाधनों के अधिकतम उपयोग और उद्योग जगत की निरंतर भागीदारी सुनिश्चित हो सके। यह पहल जम्मू-कश्मीर की खनिज क्षमता के दोहन और विकसित भारत तथा आत्मनिर्भर भारत के विजन को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम होगा।
मंत्रालय के अनुसार इन ब्लॉकों को यूएनएफसी जी3 और जी4 अन्वेषण श्रेणियों में रखा गया है, जो पर्याप्त औद्योगिक-ग्रेड चूना पत्थर भंडार और मजबूत भूवैज्ञानिक क्षमता का संकेत देते हैं। चूना पत्थर सीमेंट, निर्माण और बुनियादी ढांचा क्षेत्रों के लिए एक महत्वपूर्ण खनिज है, जिससे क्षेत्र में औद्योगिक गतिविधियों और आर्थिक विकास को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
यह नीलामी प्रक्रिया खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम, 1957 और खनिज (नीलामी) नियम, 2015 के तहत आयोजित की जा रही है। पूरी प्रक्रिया डिजिटल ई-नीलामी प्लेटफॉर्म के माध्यम से पारदर्शी और प्रतिस्पर्धी तरीके से संचालित होगी।
खान मंत्रालय ने कहा कि वह वैज्ञानिक और सतत खनन प्रणाली को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध है। इन ब्लॉकों की सफल नीलामी से राजस्व वृद्धि, रोजगार सृजन, औद्योगिक निवेश और जम्मू-कश्मीर के समावेशी विकास को मजबूती मिलने की संभावना है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित