श्रीनगर , जनवरी 31 -- मौसम विभाग ने शनिवार को बताया कि जम्मू-कश्मीर खासकर ऊंचाई वाले इलाकों में आगामी दिनों में रुक-रुक कर हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी होने के आसार हैं।
मौसम विभाग के अनुसार, कश्मीर में अगले कुछ दिनों के दौरान कमजोर पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय रहेंगे। उल्लेखनीय है कि कश्मीर घाटी में चिल्लई कलां, यानी सर्दियों के सबसे कठोर 40 दिनों के दौरान दो बार अच्छी बर्फबारी दर्ज की गयी थी। चिल्लई कलां शुक्रवार को समाप्त हो गयी।
मौसम विभाग ने कहा कि शनिवार को सामान्यतः बादल छाये रहने का अनुमान है, जबकि रात के समय ऊंचे इलाकों में हल्की बारिश या बर्फबारी होसकती है।
एक फरवरी को पूरे केंद्र शासित प्रदेश में व्यापक रूप से बादल छाये रहने के साथ ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हल्की बारिश और बर्फबारी का अनुमान है। इस दौरान कई इलाकों में गरज-चमक और तेज हवाएं भी चल सकती हैं।
दो फरवरी को मौसम में थोड़े समय के लिए सुधार आने के आसार हैं, हालांकि रात के समय कुछ ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की बारिश या बर्फबारी से इनकार नहीं किया गया है। तीन फरवरी को फिर बादल छाये रहने के आसार हैं और कई स्थानों पर ऊपरी इलाकों में हल्की बारिश या बर्फबारी हो सकती है।
मौसम विभाग के अनुसार, चार से छह फरवरी के बीच मौसम आंशिक रूप से साफ रहने का अनुमान है, जिससे लोगों को कुछ राहत मिलेगी। हालांकि, सात फरवरी को एक और कमजोर पश्चिमी विक्षोभ के असर से मौसम फिर बिगड़ सकता है और कुछ स्थानों पर हल्की बारिश या बर्फबारी होने का अनुमान है। इसके बाद आठ से 10 फरवरी तक मौसम शुष्क रहने का अनुमान है।
इस बीच, मौसम विभाग ने बताया कि कश्मीर संभाग के कई हिस्सों में न्यूनतम रात्रि तापमान सामान्य से शून्य से दो डिग्री सेल्सियस अधिक दर्ज किया गया। जम्मू संभाग में भी रात का तापमान अधिकांश स्थानों पर मौसमी औसत के आसपास रहा और एक से दो डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया।
कश्मीर संभाग में सबसे कम न्यूनतम तापमान उत्तर कश्मीर के गुलमर्ग स्की रिसॉर्ट में दर्ज किया गया, जहां पारा माइनस 6.5 डिग्री सेल्सियस रहा। जम्मू संभाग में भद्रवाह में न्यूनतम तापमान 0.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम विभाग के अनुसार, ग्रीष्मकालीन राजधानी श्रीनगर में न्यूनतम तापमान माइनस 0.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
इसके अलावा, कश्मीर के प्रवेश द्वार काजीगुंड में तापमान माइनस 2.2 डिग्री सेल्सियस, पर्यटन स्थल पहलगाम में माइनस 2.6 डिग्री सेल्सियस, जबकिउत्तर कश्मीर के सीमावर्ती जिले कुपवाड़ा में न्यूनतम तापमान माइनस 0.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित