श्रीनगर , जुलाई 10 -- जम्मू-कश्मीर पुलिस ने शुक्रवार को बारामूला जिले में जम्मू-कश्मीर नेशनल्स ऑपरेटिंग फ्रॉम पाकिस्तान' (जेकेएनओपी) से जुड़े ठिकानों पर छापेमारी की।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक इस कार्रवाई का उद्देश्य सीमा पार के आतंकी नेटवर्क को खत्म करना और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करना था।
उन्होंने बताया कि कुंजर थाना क्षेत्र के 23 जेकेएनओपी से संबंद्ध लोगों और उनके परिवारों के घरों, उनसे जुड़ी अन्य इमारतों और उनके करीबी साथियों के घरों की तलाशी ली। यह कार्रवाई हाल की गतिविधियों का पता लगाने, सीमा पार बैठे हैंडलर्स के साथ संभावित बातचीत की पहचान करने, जांच से जुड़े सबूत इकट्ठा करने और इलाके की सुरक्षा के लिए खतरा बन सकने वाली गतिविधियों का आकलन करने के लिए की गयी। अभियान के दौरान तकनीकी जांच और फोरेंसिक एनालिसिस के लिए मोबाइल फोन समेत कुछ इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस जब्त किये गये।
उन्होंने कहा कि तलाशी पूरी तरह से कानून के नियमों के अनुसार और एग्जीक्यूटिव मजिस्ट्रेट तथा स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में ली गयी, ताकि पारदर्शिता बनी रहे और कानूनी प्रक्रिया का पालन हो।
पुलिस ने क्रेरी थाना, बोनियार थाना और कमलकोट पुलिस पोस्ट के इलाकों में भी जेकेएनओपी से संबंद्ध लोगों और उनके परिवारों के घरों तथा उनसे जुड़ी अन्य इमारतों पर भी छापेमारी की।
उन्होंने जोर दिया कि सुरक्षा खतरों से निपटने और जनता के लिए सुरक्षित माहौल सुनिश्चित करने की लगातार कोशिशों के तहत इस तरह के कानूनी अभियान जारी रहेंगे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित