जम्मू , सितंबर 29 -- जम्मू-कश्मीर पुलिस ने शहर के चौवाड़ी इलाके में नकली नोट छापने में शामिल एक गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन लोगों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस सूत्रों ने मंगलवार को बताया कि चौवाड़ी इलाके में सोमवार देर रात चलाए गए एक विशेष अभियान के दौरान शहर में जाली नोट छापने वाले गिरोह को पकड़ा गया। गिरफ्तार किए गए आरोपी एक किराए के मकान से फर्जी नोट छापने का धंधा चला रहे थे। छापेमारी के दौरान पुलिस ने 13,500 रुपये मूल्य के जाली नोटों के साथ एक स्कैनिंग मशीन, प्रिंटर, कंप्यूटर और अन्य उपकरण जब्त किए हैं।
सूत्रों ने बताया कि पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि गिरफ्तार आरोपियों ने बाजार में अब तक कितने जाली नोट खपाए हैं। पकड़े गए आरोपियों की पहचान बिहार निवासी विजय सहनी, मध्य प्रदेश निवासी राहुल अहिरवार और झारखंड निवासी इंद्रपाल कुमार के रूप में हुई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित