जम्मू , जुलाई 12 -- जम्मू-कश्मीर पुलिस ने रविवार को 'पर्सनैलिटीज एंड लीजेंड्स ऑफ जेएंडके' नामक किताब में अलगाववादियों और राष्ट्रविरोधी तत्वों का कथित तौर पर महिमामंडन करने के मामले में जम्मू और दिल्ली से तीन लोगों को गिरफ्तार किया है।
सूत्रों के अनुसार, जम्मू-कश्मीर में अलगाववादियों और आतंकवादियों का कथित तौर पर महिमामंडन करने वाली इस प्रतिबंधित किताब के सिलसिले में तलाशी अभियान चलाते हुए जम्मू-कश्मीर पुलिस की जम्मू स्थित काउंटर इंटेलिजेंस (सीआई) विंग ने जम्मू और दिल्ली में यह गिरफ्तारियां की हैं।
सूत्रों ने कहा, "जम्मू-कश्मीर में आतंकवादियों और अलगाववादियों का कथित तौर पर महिमामंडन करने वाली प्रतिबंधित किताब 'पर्सनैलिटीज एंड लीजेंड्स ऑफ जेएंडके' के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई की गयी है।"गिरफ्तार किए गए लोगों में जम्मू से प्रकाशक (पब्लिशर) इंद्रपाल और दिल्ली से प्रिंटर अमरदीप सिंह तथा किताब के लिए सामग्री उपलब्ध कराने वाले गिरीश अरोड़ा शामिल हैं।
इस बीच, जम्मू के स्कूल शिक्षा निदेशालय ने एक सर्कुलर जारी कर निर्देश दिया है कि उनके संबंधित कार्यक्षेत्रों के अंतर्गत आने वाले कार्यालयों, कक्षाओं, स्टाफ रूम और स्कूल पुस्तकालयों में उपलब्ध सभी किताबों (हाल ही में खरीदी गई और पुरानी दोनों पुस्तकों) की व्यापक समीक्षा की जाए।
सर्कुलर के अनुसार, सरकारी स्कूलों, निजी स्कूलों और कोचिंग संस्थानों के सभी संस्था प्रमुखों को उपलब्ध सभी किताबों की व्यापक समीक्षा करने का निर्देश दिया गया है ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि किसी भी किताब में कोई अनुचित या आपत्तिजनक सामग्री न हो।
सर्कुलर में कहा गया, "इसके अलावा, सभी शिक्षण सामग्रियां राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के आयु-अनुकूल दिशानिर्देशों के अनुरूप होनी चाहिए।"विंग ने इस किताब में अलगाववादियों और राष्ट्रविरोधी तत्वों के कथित महिमामंडन के संबंध में जम्मू और नोएडा में भी तलाशी अभियान चलाया। विंग ने इस मामले में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित