श्रीनगर , अक्टूबर 26 -- जम्मू-कश्मीर में नेशनल कॉन्फ्रेंस मंत्रिमंडल का पहला विस्तार मंगलवार सुबह श्रीनगर स्थित लोक भवन सभागार में होगा।
दो साल पहले श्री उमर अब्दुल्ला के पद संभालने के बाद यह पहला कैबिनेट विस्तार होगा। उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने इस समारोह के लिए निमंत्रण भेजे हैं, जो लोक भवन सभागार में आयोजित किया जाएगा।
नेशनल कॉन्फ्रेंस के मुख्य प्रवक्ता तनवीर सादिक ने कहा कि कैबिनेट विस्तार मुख्यमंत्री तय करेंगे। श्री सादिक ने संवाददाताओं से कहा, "कैबिनेट का विस्तार हो या फेरबदल, मुख्यमंत्री जो चाहेंगे वही होगा।"उन्होंने कहा कि यह फैसला पूरी तरह से श्री उमर अब्दुल्ला पर निर्भर है। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री ने पहले ही संकेत दिया था कि नामों को अंतिम रूप देने से पहले वे पार्टी अध्यक्ष फारूक अब्दुल्ला से सलाह लेंगे और यह प्रक्रिया पूरी हो चुकी है।
श्री सादिक ने कहा कि जिन लोगों को शामिल किया जाना है, उनकी सूची पार्टी नेतृत्व के पास है। सोमवार शाम तक नामों का खुलासा हो जाएगा। उन्होंने बारामूला में दिए गए पार्टी अध्यक्ष फारूक अब्दुल्ला के हालिया बयानों का बचाव भी किया और भाजपा द्वारा लगाए गए देशद्रोह के आरोपों को खारिज करते हुए उस पर ओछी राजनीति करने का आरोप लगाया।
.गौरतलब है कि शनिवार को एक पार्टी कार्यक्रम के दौरान श्री अब्दुल्ला ने कहा था कि भारत का एक पड़ोसी देश(बिना पाकिस्तान का नाम लिए) कश्मीर मुद्दे को वैश्विक मंच पर जिंदा रखकर घाटी के लोगों की 'रक्षा' कर रहा है। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने इन बयानों को 'देशद्रोही' करार दिया और देश की जनता से माफी मांगने की मांग की। श्री सादिक ने इस आलोचना का जवाब देते हुए कहा कि जो लोग श्री अब्दुल्ला के बयानों पर सवाल उठा रहे हैं, उन्हें उनके कुछ चुनिंदा शब्दों पर ध्यान देने की बजाय उनका पूरा भाषण सुनना चाहिए।
उन्होंने कहा, "जिन्होंने इस बात को गलत तरीके से पेश किया है, उन्हें पहले पूरा भाषण सुनना चाहिए।" श्री सादिक ने कहा कि श्री अब्दुल्ला ने कबायली हमलावरों और पड़ोसी देश द्वारा कश्मीर में किए गए अत्याचारों के बारे में भी बात की थी। उन्होंने बताया कि पूर्व मुख्यमंत्री ने इस बात का जिक्र किया था कि कैसे नेशनल कॉन्फ्रेंस का एक कार्यकर्ता हमलावरों से लड़ने के लिए आगे आया था।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित