जम्मू , अप्रैल 07 -- केंद्र शासित प्रदेश जम्मू-कश्मीर के 176 सिख श्रद्धालुओं को 13-14 अप्रैल को बैसाखी पर्व के अवसर पर पड़ोसी देश पाकिस्तान के विभिन्न गुरुद्वारों में दर्शन के लिए मंजूरी मिल गयी है। 'सिख संगत' नौ अप्रैल की शाम को जम्मू से रवाना होगी।
सिख नेता और सामाजिक कार्यकर्ता शमशेर सिंह चोलावी ने बताया, "वीजा के लिए कुल 179 श्रद्धालुओं ने आवेदन किया था। इनमें से 176 को गुरुद्वारों में दर्शन के लिए पाकिस्तान जाने की मंजूरी दे दी गयी है।"उन्होंने कहा, "जम्मू-कश्मीर के इन 176 श्रद्धालुओं को पाकिस्तान के ऐतिहासिक गुरुद्वारों की यात्रा के लिए वीजा क्लीयरेंस मिल गया है। ये श्रद्धालु नौ अप्रैल को गांधी नगर गुरुद्वारे से अमृतसर के लिए रवाना होंगे और फिर 10 अप्रैल को देश के अन्य हिस्सों से आने वाले श्रद्धालुओं के साथ वाघा बॉर्डर के रास्ते पाकिस्तान के लिए प्रस्थान करेंगे।"उन्होंने बताया कि वीजा लगे पासपोर्ट बुधवार को तीर्थयात्रियों को सौंप दिये जायेंगे। श्रद्धालुओं में भारी उत्साह है। सभी को आयोजन स्थल पर पहुंचने के लिए कहा गया है, जहां अरदास के बाद नौ अप्रैल की शाम को संगत को यहां से अमृतसर के लिए रवाना किया जायेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित