श्रीनगर , अगस्त 19 -- भारत में अमेरिका के राजदूत सर्जियो गोर के दौरे से पहले मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने बुधवार को कहा कि जम्मू-कश्मीर के मुद्दों को अमेरिकी सरकार नहीं, बल्कि भारत सरकार ही सुलझाएगी और वह इस संघ शासित प्रदेश को लेकर किसी विदेशी राजनयिक के समक्ष कोई शिकायत नहीं करेंगे।

श्री अब्दुल्ला ने जोर देकर कहा कि वह केंद्र शासित प्रदेश की समस्याओं के बारे में किसी विदेशी राजनयिक से शिकायत नहीं करेंगे। श्री गोर दक्षिण और मध्य एशिया के लिए अमेरिका के विशेष दूत भी हैं। वह आज श्रीनगर पहुँचने वाले हैं और यहां रात्रि प्रवास के बाद गुरूवार को लद्दाख रवाना हाेंगे।

श्री उमर ने विकास परियोजनाओं का निरीक्षण करने और ज़रूरी नागरिक कार्यों की प्रगति का जायज़ा लेने के बाद संवाददाताओं से कहा कि वह अमेरिकी राजदूत से मिलने के लिए उत्सुक हैं, लेकिन उन्होंने साफ़ कर दिया कि वह जम्मू-कश्मीर से जुड़े मामलों में बाहरी दखल नहीं चाहेंगे। मुख्यमंत्री ने कहा, "लंबे समय बाद अमेरिका का कोई राजदूत जम्मू-कश्मीर आ रहा है और मैं भी बहुत लंबे समय बाद किसी अमेरिकी राजदूत से मिल रहा हूँ। उन्हें आने दीजिए। हम उनसे बात करेंगे।" उन्होंने कहा कि वह उनके विचार जानने के लिए उत्सुक हैं। उन्होंने कहा, "मैं उनसे और बातें सुनना चाहूँगा, लेकिन वह भी सुनने आ रहे हैं। देखते हैं कि हमारी बातचीत कैसी होती है।"श्री उमर ने कहा कि बातचीत केंद्र शासित प्रदेश में मौजूदा हालात पर केंद्रित होगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित