हुबली (कर्नाटक) , फरवरी 25 -- शुभम सिंह पुंडीर (121) की शतकीय, कप्तान पारस डोगरा (70), अब्दुल समद (61), कन्हैया वधावन और साहिल लूथरा (नाबाद 57) की अर्धशतकीय पारियों की बदौलत जम्मू-कश्मीर ने रणजी ट्रॉफी फाइनल के दूसरे दिन बुधवार को कर्नाटक के खिलाफ छह विकेट पर 527 रन बनाकर अपनी स्थिति मजबूत कर ली है।
आज यहां जम्मू-कश्मीर ने कल के दो विकेट पर 284 रन से आगे खेलना शुरु किया। सुबह सत्र के जम्मू-कश्मीर का तीसरा विकेट पहले दिन के शतकवीर शुभम सिंह पुंडीर के रूप में गिरा। उन्हें विद्याधर पाटिल ने आउट किया। शुभम सिंह पुंडीर ने 247 गेंदों में 12 चौके और दो छक्के उड़ाते हुए 121 रनों की पारी खेली। इसके बाद प्रसिद्ध कष्णा ने अर्धशतक पूरा कर चुके अब्दुल समद को आउट कर कर्नाटक को चौथी सफलता दिलाई। अब्दुल समद ने 104 गेंदों में छह चौके और एक छक्का लगाते हुए 61 रन बनाये। कन्हैया वधावन ने 109 गेंदों में नौ चौके लगाते हुए 70 रन बनाये। उन्हें शिखर शेट्टी ने आउट किया। दिन का आखिरी विकेट पारस डोगरा के रूप में गिरा। उन्हें श्रेयस गोपाल ने बोल्ड आउट किया। पारस डोगरा ने 166 गेंदों में आठ चौके लगाते हुए 70 रन बनाये।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित