जम्मू , दिसंबर 22 -- जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ जिले में सोमवार को विभिन्न हिंदू संगठनों और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने बंगलादेश में अल्पसंख्यक हिंदू समुदाय के खिलाफ हिंसा, लूटपाट, आगजनी और हत्या की कथित घटनाओं के विरोध में प्रदर्शन किया। इस अवसर पर सनातन धर्म सभा द्वारा बंद का आह्वान किया गया, जिसके कारण किश्तवाड़ में दुकानें और व्यवसाय बंद रहे।

इस विरोध प्रदर्शन का नेतृत्व सनातन धर्म सभा के अध्यक्ष महंत राम शरण दास आचार्य ने किया, जबकि विभिन्न हिंदू संगठनों के कार्यकर्ताओं ने चौक पर धरना दिया और बंगलादेश में हिंदुओं के खिलाफ हो रहे अत्याचारों के विरोध में जोरदार नारे लगाये। प्रदर्शनकारियों ने बंगलादेश में मंदिरों पर हमलों, महिलाओं के खिलाफ हिंसा और अल्पसंख्यक समुदायों को निशाना बनाये जाने की घटनाओं पर गहरी चिंता व्यक्त की।

जम्मू-कश्मीर विधानसभा में विपक्ष के नेता सुनील शर्मा समेत भाजपा के कई वरिष्ठ नेता भी इस विरोध प्रदर्शन में शामिल हुए। श्री शर्मा ने इस अवसर पर पत्रकारों से कहा कि हिंदू समुदाय अपने उत्पीड़ित भाइयों के साथ मजबूती से खड़ा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित